UP Lok Sabha Election Result 2019 : सपा अध्यक्ष अखिलेश ने हटाए सभी मीडिया पैनलिस्ट
चुनाव में करारी हार के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पहली कार्रवाई अपने उन मीडिया पैनलिस्टों पर की है जिन्हें चुनाव से पहले सपा ने पार्टी का पक्ष रखने के लिए नियुक्त किया था।
लखनऊ, जेएनएन। लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पहली कार्रवाई अपने उन मीडिया पैनलिस्टों पर की है, जिन्हें चुनाव से पहले सपा ने पार्टी का पक्ष रखने के लिए नियुक्त किया था। अखिलेश ने पार्टी के सभी मीडिया पैनलिस्टों को हटा दिया है।
गठबंधन के साथ पूरी ताकत के साथ चुनाव में उतरी सपा को नतीजों से खासा झटका लगा है। परिणाम आने के बाद एक ओर पार्टी दफ्तर में सन्नाटा छा गया है, वहीं पार्टी के प्रवक्ता और नेता भी कुछ बोलने से बच रहे हैैं। पार्टी नेताओं के मुताबिक अखिलेश को चिंता भी इसी बात की है कि नतीजों को लेकर कोई मीडिया पैनलिस्ट बसपा या गठबंधन को लेकर कुछ विपरीत न बोल दें।
अखिलेश ने जहां इलेक्ट्रॉनिक चैनलों को संबोधित पत्र में पैनलिस्टों को आमंत्रित न करने का आग्रह करने के साथ ही पैनलिस्टों से भी किसी टीवी चैनल की परिचर्चा में शामिल न होने का निर्देश दिया है।
जनमत स्वीकार! उत्तर प्रदेश की सम्मानित जनता और तमाम कार्यकर्ताओं का धन्यवाद।— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) May 23, 2019
चुनाव भर ट्विटर पर सक्रिय रहे अखिलेश ने नतीजे आने के बाद खुद को भी सीमित कर लिया है। नतीजों के बाद उन्होंने केवल एक पंक्ति का ट्वीट किया- जनमत स्वीकार, प्रदेश की सम्मानित जनता और तमाम कार्यकर्ताओं को धन्यवाद। शुक्रवार को अखिलेश कुछ देर के लिए सपा मुख्यालय भी पहुंचे। यहां उनसे मिलने वालों में लखनऊ से सपा प्रत्याशी पूनम सिन्हा भी थीं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप