UP Loksabha Election phase 7 poll : योगी आदित्यनाथ के मंत्री ओमप्रकाश राजभर का दावा, पूर्वांचल में जीतेगा गठबंधन
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि पूर्वांचल में गठबंधन (सपा-बसपा) की जीत होगी।
बलिया, जेएनएन। मऊ में शुक्रवार को चुनाव सभा में भाजपा के नेताओं को जूतों से मारने का ऐलान करने वाले योगी आदित्यनाथ के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने आज लोकसभा चुनाव 2019 में गठबंधन की बड़ी जीत का दावा किया है। परिवार के साथ बलिया में मतदान के बाद ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि गठबंधन उत्तर प्रदेश में रिकार्ड सीट के साथ जीतेगा।
बलिया में मतदान के बाद मीडिया से बातचीत में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने यह भी कहा कि इस बार के लोकसभा चुनाव में किसी भी दल को बहुमत नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल में गठबंधन (सपा-बसपा) की जीत होगी। योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने आज बलिया के मीरगंज प्राथमिक विद्यालय पर पूरे परिवार के साथ वोट डाला। इससे पहले भी ओमप्रकाश राजभर ने भविष्यवाणी करते हुए कहा था कि इस बार दिल्ली की कुर्सी पर एक दलित की बेटी बैठेगी। लोकसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर भाजपा से अलग हुए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष राजभर ने दावा किया कि यूपी से भाजपा को सिर्फ 15 सीटें मिलेगी।
सपा-बसपा गठबंधन को 55 से 60 सीटें हासिल होंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के खाते में ढाई सीट ही आएगी। राजभर ने कहा कि हम भाजपा को वोट नहीं दिलाएंगे। हम तो घोसी की एक मांग रहे थे, लेकिन हमें नहीं दी गई। देश के चुनाव में हम उनके साथ नहीं है। राजभर ने कहा कि पूर्वांचल की कम से कम 30 सीटों पर हमारा साथ न मिलने से भाजपा को प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि गोरखपुर, गाजीपुर और बलिया सीट भाजपा हार रही है।
सपा-बसपा गठबंधन में जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि राजनीति में विकल्प हमेशा खुले रहते हैं। सुभासपा की बढ़ती ताकत से भाजपा चिंतित रही है। उन्होंने कहा कि मैंने मंत्री पद छोड़ दिया है। मैंने मुख्यमंत्री को इस्तीफा दिया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस्तीफा स्वीकार करना या नहीं करना राष्ट्रीय अध्यक्ष का विषय है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप