Lok Sabha Election 2019: दलों को चुनाव प्रचार के लिए Time Voucher
Lok Sabha Election 2019. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एल खियांग्ते ने प्रसारित की जानेवाली सामग्री की जांच के लिए कमिटी गठित कर दी है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Lok Sabha Election 2019 - भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा चुनाव को लेकर मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दलों को दूरदर्शन के माध्यम से टेलीकास्ट तथा आकाशवाणी से चुनाव प्रचार के प्रसारण के लिए टाइम वाउचर उपलब्ध करा दिया गया है। इसे लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एल खियांग्ते ने गुरुवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और दूरदर्शन एवं आकाशवाणी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराए गए टाइम वाउचर के आलोक में दूरदर्शन एवं आकाशवाणी द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तिथि एवं समय निर्धारित किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने प्रसारित किए जाने वाले सामग्री की जांच के लिए एक कमिटी भी गठित की है, जिसकी जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी गई। बैठक में भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, सीपीआइ (एम), झामुमो, झाविमो, राजद और आजसू के प्रतिनिधि शामिल हुए।