ओडिशा में 11 अप्रैल को संपन्न होगा मतदान का पहला चरण, आज थम जाएगा चुनाव प्रचार
ओडिशा में पहले चरण का चुनाव प्रचार 11 अप्रैल को संपन्न होगा पहले चरण में लोस सीट बरहमपुर नवरंगपुर कालाहांडी और कोरापुट के साथ ही 28 विस क्षेत्रों में मतदान होगा।
भुवनेश्वर, जेएनएन। ओडिशा में मतदान का पहला चरण 11 अप्रैल को संपन्न होगा। यह ऐसा राज्य है जहां पर लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ होने हैं। पहले चरण में लोकसभा सीट बरहमपुर, नवरंगपुर, कालाहांडी और कोरापुट के साथ ही 28 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान किया जाएगा। मतदान के पहले चरण में इन क्षेत्रों के 60 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करके अपना प्रतिनिधि चुनेंगे। इसमें चार सदस्य लोकसभा में जाएंगे तथा 28 सदस्य ओडिशा विधानसभा जाएंगे। इन क्षेत्रों में मंगलवार की शाम पांच बजे चुनाव प्रचार थम जाएगा और गुरुवार को मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
निर्वाचन अधिकारी के अनुसार 60 लाख 3 हजार 707 मतदाताओं में 29 लाख 72 हजार 925 पुरुष तथा 30 लाख 30 हजार 222 महिला मतदाता हैं। पहले चरण में 7233 बूथों पर वोटिंग की जाएगी। चार लोकसभा सीटों पर 26 प्रत्याशी मैदान में हैं जिनमें से केवल दो महिलाएं लड़ रही हैं। इसी प्रकार 28 विधानसभा सीटों पर 191 प्रत्याशी हैं जिनमें 16 महिलाएं चुनाव मैदान में हैं।