हिमाचल में थमा चुनाव प्रचार, अब मतदाता का इंतजार
लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के लिए शुक्रवार शाम से चुनाव प्रचार थम गया हिमाचल में करीब 1600 शराब ठेके 19 मई शाम छह बजे तक बंद रहेंगे।
शिमला, राज्य ब्यूरो। लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के लिए हिमाचल में भी शुक्रवार शाम छह बजे चुनाव प्रचार थम गया। राजनेता, स्टार प्रचारक और कार्यकर्ता चुनावी जनसभाएं कर अपने विधानसभा क्षेत्रों में लौट गए। जनसभाएं और रैलियों के बाद प्रत्याशियों के साथ कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर प्रचार अभियान में जुट गए हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने हर हलके में 50-50 टोलियां बनाई हैं जो घर-घर जाकर वोट मांग रही हैं। प्रदेश में शाम छह बजे के बाद से शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रदेश करीब 1600 शराब ठेके 19 मई शाम छह बजे तक बंद रहेंगे।
प्रदेश में चार लोकसभा सीटों के लिए 45 उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां 19 मई को सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा, जबकि 23 मई को 18 स्थानों पर मतों की गणना होगी। निर्वाचन आयोग के नियमों के मुताबिक मतदान से 36 घंटे पहले प्रचार थम जाता है। ऐसे में अब रैली, जनसभाएं एवं नारेबाजी नहीं होगी।
चार सीटों के लिए 45 मैदान में
प्रदेश की चारों लोकसभा चुनाव में सबसे अधिक प्रत्याशी मंडी संसदीय सीट पर भाग्य आजमा रहे हैं। यहां पर 17 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। हमीरपुर और कांगड़ा से 11-11 प्रत्याशी, जबकि सबसे कम शिमला संसदीय सीट से छह प्रत्याशी रणभूमि में हैं।
कांग्रेस ने देरी से उतारे उम्मीदवार
भाजपा की अपेक्षा कांग्रेस ने उम्मीदवारों के नाम तय करने में ज्यादा समय लगा दिया। इस कारण उसे प्रचार के लिए सात से 14 दिन का कम समय मिला है। लोकसभा चुनाव की घोषणा 10 मार्च को हुई। भाजपा ने प्रदेश में 22 मार्च को अपने प्रत्याशी मैदान में उतार दिए थे, जबकि कांग्रेस ने 29 मार्च शिमला और मंडी से प्रत्याशी उतारे। तीन अप्रैल को कांगड़ा और छह अप्रैल को हमीरपुर से उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतारा गया।
मोदी की वाराणसी सहित 59 सीटों पर मतदान कल
लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण का प्रचार अभियान शुक्रवार शाम छह बजे थम गया। अंतिम चरण का मतदान 19 मई (रविवार) को होगा। 23 मई को मतगणना के साथ ही पता चलेगा कि जनता ने
किसके सिर पर ताज सजाया है। इस चरण में प्रधानमंत्री मोदी की वाराणसी सहित आठ राज्यों की 59 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। उत्तर प्रदेश की जिन 13 सीटों पर आखिरी चरण में मतदान होना है, उन सभी पर 2014 में भाजपा ने जीत दर्ज की थी। पिछले छह चरण के चुनाव में 543 लोकसभा सीटों में से 484 पर मतदान हो चुका है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप