नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी बोले- इस बार का चुनाव संविधान व आरक्षण बचाने का
तेजस्वी ने भाजपा पर लालू प्रसाद यादव को प्रताडि़त करने भी आरोप लगाया। कहा- जब रांची गए तो पिता से मिलने नहीं दिया गया। उनका इलाज भी ठीक से नहीं करने दिया जा रहा है।
समस्तीपुर, जेएनएन। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि इस बार का चुनाव किसी व्यक्ति या पार्टी को जिताने का नहीं है, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण बचाने का है। लालू यादव और कर्पूरी ठाकुर की विचारधारा को बचाने का है। उन्होंने भाजपा पर लालू यादव को साजिश के तहत फंसाने का आरोप लगाया। कहा कि जनता की अदालत में न्याय मांगने आया हूं। यहां सीधा फैसला होता है।
वे शुक्रवार को बिथान के गांधी मैदान में खगडिय़ा से महागठबंधन उम्मीदवार मुकेश सहनी के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। कहा कि इन्हें एडवांस में बधाई देने आया हूं। खगडिय़ा में कोई लड़ाई ही नहीं है। अगर मोदी फिर सत्ता में आए तो संविधान की जगह आरएसएस का नागपुरिया कानून ले आएंगे। लोकतंत्र में चुनाव जनता को अपनी पसंद की सरकार चुनने का हक देता है। जीतने के बाद ये लोग चुनाव भी नहीं कराएंगे। लोकतांत्रिक हक मारकर आपको गुलाम बना देंगे। इसलिए ऐसी ताकतों से सावधान रहने की जरूरत है।
तेजस्वी ने भाजपा पर लालू प्रसाद यादव को प्रताडि़त करने भी आरोप लगाया। कहा- जब रांची गए तो पिता से मिलने नहीं दिया गया। उनका इलाज भी ठीक से नहीं करने दिया जा रहा है। इस चुनाव में ऐसे लोगों को सबके सिखाने की जरूरत है, जो सामाजिक न्याय और संविधान की लड़ाई लडऩे वाले को प्रताडि़त करते हैं। मुकेश सहनी ने कहा कि केंद्र की दलित विरोधी मोदी सरकार का जाना तय है।