बिहार में कन्हैया के लिए वोट मांगेंगी स्वरा भास्कर, समर्थन कर पहले हो चुकीं ट्रोल
बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर बिहार के बेगूसराय में अपने दोस्त कन्हैया के लिए वोट मांगेंगी। कन्हैया का समर्थन कर वे सोशल मीडिया पर ट्राेल भी हो चुकी हैं।
पटना [जेएनएन]। बॉलीवुड की बोल्ड, बिंदास व बेबाक एक्ट्रेस स्वरा भास्कर का बिहार से पुराना नाता है। वे जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष तथा वर्तमान में बेगूसराय से लोकसभा चुनाव में भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी (भाकपा) के प्रत्याशी कन्हैया कुमार की जबरदस्त फैन व दोस्त हैं तथा उनका समर्थन कर सोशल मीडिया पर ट्रोल भी हो चुकी हैं। स्वरा बेगूसराय में कन्हैया के चुनाव प्रचार करेंगी।
कन्हैया को दोस्त मानतीं स्वरा
दिल्ली में पली-बढ़ी स्वरा भास्कर का ननिहाल बिहार में है। दिल्ली के जेएनयू में उच्च शिक्षा लेने के कारण वे कन्हैया को छात्र जीवन से जानती हैं तथा उन्हें दोस्त मानती हैं।
समर्थन कर हो चुकीं ट्रोल
स्वरा भास्कर ने कहा कि वे भारत की एक सजग नागरिक होने के नाते बेगूसराय आई हैं। उनके अनुसार कन्हैया पर लगाए गए आरोप झूठे और बहुत फूहड़ हैं। कन्हैया को सच्चा देशभक्त बताते हुए स्वरा कहतीं हैं वे लोगों के मुद्दे उठाते हैं। कन्हैया के पक्ष में अपने बयान को लेकर स्वरा भास्कर सोशल मीडिया पर ट्रोल हो चुकी हैं।
विवादों से रहा पुराना नाता
स्वरा का विवादों से पुराना नाता रहा है। स्वरा एक बार सेना पर तंज कसते एक ट्वीट के लिए भी विवादों में आईं थीं, जिसमें उन्होंने लिखा था कि कुछ लोग अपने पद का गलत फायदा उठाते हुए एक आदमी को जीप से बांधते हैं और उसके बाद उसे पब्लिक में घुमाते और इस काम को रिकॉर्ड भी करते हैं। स्वरा का उक्त ट्वीट जम्मू-कश्मीर में मेजर गोगोई द्वारा पत्थरबाज के साथ किए गए सलूक पर तंज था। स्वरा बरते दिनों अपनी फिल्म 'वीरे दी वेडिंग' में एक सीन के लिए भी ट्रोल हो चुकी हैं।
चर्चा में रहे बिहारी किरदार
स्वरा अपने बिहारी किरदारों कोलेकर भी चर्चा में रहीं हैं। वे 'तनु वेड्स मन्नू' में बिहारी लड़की का किरदार निभा कर चर्चा में आईं थीं। उन्होंने फिल्म 'अनारकली ऑफ आरा' में अनारकली की भूमिका निभाई थी।
अब कन्हैया के लिए चुनाव प्रचार के चर्चे
जो भी हो, स्वरा बॉलीवुड की बोल्ड, बिंदास व बेबाक एक्ट्रेस हैं। बेगूसराय में कन्हैया के पक्ष में उनके चुनाव प्रचार का परिणाम तो भविष्य बताएगा, लेकिन कन्हैया के लिए उनका आना चर्चा में जरूर है।