Lok Sabha Elections 2019: विश्व का एजेंडा तय करने वाले नेता बन गए हैं मोदी: सुषमा स्वराज
Sushma Swaraj in jaipur. सुषमा स्वराज ने कहा कि मसूद अजहर को अंतरराष्ट्रीय आंतकी घोषित कर संयुक्त राष्ट्र ने पाकिस्तान को फिर अलग थलग कर दिया है।
जयपुर, जेएनएन। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि मसूद अजहर को अंतरराष्ट्रीय आंतकी घोषित कर संयुक्त राष्ट्र ने पाकिस्तान को फिर अलग थलग कर दिया है। इस घटना के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्व का एजेंडा तय करने वाले नेता भी बन गए हैं।
जयपुर में लोकसभा चुनाव प्रचार के तहत आयोजित महिलााओं के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए सुषमा स्वराज ने कहा कि मोदी जब सत्ता में आने वाले थे, तब विदेश नीति के विश्लेषकों ने कई लेख लिखे थे कि मोदी सत्ता में आए तो अरब देश भारतीय विदेश नीति के नक्शे से गायब हो जाएंगे। लेकिन तीन बडे़ अरब देशों ने ही मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान से नवाजा। विश्व में योग की गूंज भी पीएम मोदी की ही देन है। संयुक्त राष्ट्र में 192 में से 167 देशों से 21 जून को योग दिवस घोषित कराकर बड़ी उपलब्धि हासिल कराई है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2008 में मुंबई में देश का सबसे बड़ा आतंकी हमला हुआ। उसमें विदेशी नागरिक भी मारे गए। उस समय तत्कालीन यूपीए सरकार के पास मौका था कि वह पाकिस्तान को अलग-थलग कर दे। तब की सरकार ने ऐसा नहीं किया। हमारे समय जब उरी हमला हुआ तो सर्जिकल स्ट्राइक की, पुलवामा हमला हुआ तो एयर स्ट्राइक की और पाकिस्तान को दुनिया में अलग-थलग कर दिया।
केंद्रीय विदेश मंत्री ने कहा कि आज देश का व्यक्ति ट्विटर पर सहायता मांगता है तो 24 घंटे में समाधान हो जाता है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार विदेश में फंसे सवा दो लाख लोगों को वापस भारत लाने में सफल हुई है।
सुषमा स्वराज ने कहा है कि हम पर आरोप लगता है कि हम मुस्लिम विरोधी हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। उन्होंने कहा कि हमने हज का कोटा 25 हजार से बढ़ाकर दो लाख किया और यही नहीं हज पर जाने के लिए पहले पुरुष अभिभावक होना जरूरी था लेकिन मोदी सरकार ने इस नियम को परिवर्तित करा दिया। अब कोई भी महिला अकेली हज जा सकती है। इस कार्यक्रम में विदेश मंत्री ने तीन तलाक पर भी सरकार को श्रेय देते हुए कहा कि तीन तलाक से महिलाओं को हमारी सरकार ने निजात दिलाई है।
सुषमा स्वराज ने केंद्र की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि मोदी सरकार ने देश के हर वर्ग के चहुंमुखी विकास के प्रयास किए। स्वराज ने अंत में महिला कार्यकर्ताओं से अबकी 400 पार के नारे लगवाए और कहा कि एक मजबूत सरकार की देशहित में बडे़ फैसले ले सकती है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बहुमत की सरकार चलाने वाले नेता का उत्साह भी अलग होता है और काम करने की लगन भी बहुत ज्यादा होती है इसलिए भाजपा को वोट दीजिए।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप