Jharkhand : लोकसभा चुनाव में छाया रहेगा कोल्हान विश्वविद्यालय का मुद्दा
Lok Sabha Polls 2019. कोल्हान विश्वविद्यालय ने अब तक छात्र संघ चुनाव नहीं कराया है। इस कारण विभिन्न राजनीतिक दलों के छात्र संगठनों में रोष है।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। लोकसभा चुनाव में इस बार छात्रों व युवाओं के बीच कोल्हान विश्वविद्यालय एक अहम मुद्दा रहेगा। इस विश्वविद्यालय ने अब तक छात्र संघ चुनाव नहीं कराया है। इस कारण विभिन्न राजनीतिक दलों के छात्र संगठनों में रोष है।
सिंहभूम संसदीय क्षेत्र हो या फिर जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र, दोनों सीट पर छात्र व युवा मतदाताओं की संख्या सबसे ज्यादा है। विश्वविद्यालय के पठन-पाठन के तरीके और इसमें फैले भ्रष्टाचार पर भी विभिन्न छात्र संगठन सवाल उठाते रहे हैं। आज भी इस विश्वविद्यालय के कॉलेजों में नियमित कक्षाएं नहीं हो पा रही है। एक तो शिक्षक का अभाव है दूसरे कई महत्वपूर्ण योजनाएं इस विश्वविद्यालय में लागू नहीं हो पायी है।
सांसदों को पत्र लिख चुके हैं छात्र संगठन
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश कार्य समिति सदस्य सागर राय, छात्र आजसू के कोल्हान अध्यक्ष हेमंत पाठक ने कहा कि विश्वविद्यालय लगातार छात्र हितों का शोषण कर रहा है। एक उत्तरपुस्तिका देखने के लिए विश्वविद्यालय एक हजार रुपया ले रहा है। इस मामले में सांसदों को भी कई बार पत्र प्रेषित किया जा चुका है, लेकिन कोई उनकी नहीं सुन रहा है। यूजीसी के निर्देश पर विश्वविद्यालय कई योजनाओं को लागू कर तो दे रही है, लेकिन छात्रों को इन योजनाओं के बारे में विश्वविद्यालय जानकारी ही नहीं दे रही है। कोल्हान विश्वविद्यालय में फैले भ्रष्टाचार का मुद्दा लोकसभा में उठाने के लिए कई बार सांसदों को पत्र लिखा जा चुका है, लेकिन इस दिशा में किसी सांसद ने कोई प्रयास तक नहीं किया।