सपा जिलाध्यक्ष के बिगड़े बोल, कहा-जयाप्रदा से रंगीन हो जाएगी रामपुर की शाम
जयाप्रदा पर अभद्र टिप्पणी कर सपा नेता फिरोज खां बुरे फंस गए हैं। इस मामले पर संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय राष्ट्रीय महिला आयोग ने समाजवादी पार्टी के नेता फिरोज खां को नोटिस जारी किया
सम्भल, जेएनएन। अब सपा जिलाध्यक्ष फिरोज खान के बिगड़े बोल सामने आए हैं। उन्होंने रामपुर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी जयाप्रदा पर टिप्पणी की है। इसका वीडियो वायरल हुआ है। इसमें वह कह रहे हैं कि रामपुर की भाजपा प्रत्याशी ठुमके लगाती हैं। एक बार बस में आ रहा था। एक जगह जाम लग गया। उसी जगह जयाप्रदा का काफिला निकला। उन्हें लगा कि जाम स्थल पर ठुमके लगेंगे, शायद इसके बाद जाम हट जाए। वीडियो में वह यह कहते भी दिख रहे हैं कि जयाप्रदा से रामपुर की शाम रंगीन हो जाएगी।
यह वीडियो अमरोहा से लौटते समय रास्ते में कहीं का है, जो किसी से बात करने का है। रामपुर के सपा प्रत्याशी आजम खां के चहेते माने जाने वाले फिरोज अपने बयान पर कायम हैं, लेकिन इतना जरूर कहा कि जया प्रदा अच्छी स्टार हैं। राजनीति में हैं। उनकी शान में गुस्ताखी नहीं की है। कोई बंदा मिला था, उसने वीडियो बनाई, जिसे तोड़ मरोड़कर पेश किया गया है। उनका मकसद किसी को ठेस पहुंचाना नहीं है। यह बात सही है कि वह वहां से हारी भी हैं। उनका जो पेशा है वही कहा है। नाचना गाना प्रोफेशन है उनका। उन्हें गाली थोड़े ही दी है। सपा जिलाध्यक्ष के इस बयान को लेकर एसडीएम सम्भल दीपेंद्र यादव ने नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। नोटिस का जवाब न मिलने पर उनके खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन तक की कार्रवाई की जा सकती है। वीडियो में बदायूं की भाजपा प्रत्याशी संघमित्रा मौर्य को लेकर भी कुछ बातें कही हैं।