Loksabha Election 2019 : दूसरे चरण की आठ सीटों पर आज शाम थमेगा प्रचार, 18 अप्रैल को मतदान
दूसरे चरण में आठ सीटों पर हेमा मालिनी राज बब्बर व एसपी सिंह बघेल समेत कई दिग्गज मैदान में हैं और उनके समर्थक प्रचार थमने से पहले अपनी पूरी ताकत झोंकने में जुटे हैं।
लखनऊ, जेएनएन। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 18 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए मंगलवार को शाम पांच बजे के बाद चुनाव प्रचार थम जाएगा। इस चरण में आठ सीटों के लिए मतदान होगा। पहले चरण में 11 अप्रैल को 10 जिलों की आठ सीटों पर मतदान हो चुका है।
दूसरे चरण में आठ सीटों पर हेमा मालिनी, राज बब्बर व एसपी सिंह बघेल समेत कई दिग्गज मैदान में हैं और उनके समर्थक प्रचार थमने से पहले अपनी पूरी ताकत झोंकने में जुटे हैं। हालांकि दूसरे चरण के अंतिम दिन चुनाव आयोग के प्रतिबंध के चलते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व बसपा सुप्रीमो मायावती चुनावी सभाएं नहीं कर सकेंगे।
दूसरे चरण की लोकसभा सीटों में नगीना (सुरक्षित) से सात, अमरोहा से 10, बुलंदशहर (सुरक्षित) से 10, अलीगढ़ से 14, हाथरस (सुरक्षित) से आठ, मथुरा से 13, आगरा (सुरक्षित) से 11 तथा फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट से 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। ये लोकसभा क्षेत्र बिजनौर, अमरोहा, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आगरा व एटा जिले में आते हैं।
दूसरे चरण में मथुरा सीट से भाजपा सांसद व अभिनेत्री हेमा मालिनी, गठबंधन से राष्ट्रीय लोक दल के नरेंद्र सिंह व कांग्रेस से महेश पाठक मैदान में है। फतेहपुर सीकरी सीट पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व अभिनेता राज बब्बर तथा भाजपा प्रत्याशी राज कुमार चाहर व गठबंधन से बीएसपी के गुड्डू पंडित के बीच टक्कर है। आगरा सीट से भाजपा प्रत्याशी व मंत्री एसपी सिंह बघेल का मुकाबला गठबंधन के बीएसपी प्रत्याशी मनोज कुमार सोनी व कांग्रेस की प्रीता हरित से है। इसके अलावा अलीगढ़, बुलंदशहर, हाथरस, अमरोहा व नगीना सीटों पर भी भाजपा, कांग्रेस व गठबंधन के प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर है।
दूसरे चरण की आठ लोकसभा क्षेत्रों में कुल 1.40 करोड़ मतदाता हैं। इसमें 75.83 लाख पुरुष, 64.92 लाख महिला और 878 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं। कुल मतदाताओं में से 2,61,221 मतदाताओं की उम्र 18 से 19 वर्ष तक है। मतदान के लिए सभी आठ लोकसभा क्षेत्रों में कुल 8751 मतदान केंद्र तथा 16,162 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
इससे पूर्व पहले चरण में भी आठ लोकसभा सीटों के लिए ही 11 अप्रैल को मतदान हुआ था। पहले चरण की दस जिलों आठ सीटों में सहारनपुर, कैराना, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद व गौतमबुद्धनगर सीट शामिल थी।