LokSabha Election 2019: लोकतंत्र के इस महापर्व में ड्यूटी बजाएंगे सेलकर्मी, छुट्टी पर ब्रेक
बोकारो इस्पात संयंत्र के संकार्य व गैर संकार्य प्रभाग में कार्यरत कई अधिशासी व अनधिशासी को चुनाव कार्य में लगाया गया है।
बोकारो, जेएनएन। लोकसभा चुनाव-2019 को संपन्न कराने के लिए मतदान कार्य में राज्य सरकार के साथ-साथ अबकी केंद्र सरकार के कर्मचारियों को भी बड़े पैमाने पर लगाया जा रहा है। इसके मद्देनजर स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया (सेल) के अधिकारियों और कर्मचारियों की भी चुनाव ड्यूटी में लगाया जा रहा है। सेल के बोकारो इकाई से भी चुनाव ड्यूटी के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की मांग की गई है। इसे देखते हुए सेल ने प्रबंधन ने अपने कर्मियों के सभी अवकाश पर रोक लगा दिया है। इस बावत कार्मिक विभाग ने आदेश जारी कर दिया है।
सेल प्रबंधन ने नियम की जद में वैसे संयंत्रकर्मियों को रखा गया है जिन्हें चुनाव ड्यूटी में लगाया गया है। बोकारो इस्पात संयंत्र के संकार्य व गैर संकार्य प्रभाग में कार्यरत कई अधिशासी व अनधिशासी को चुनाव कार्य में लगाया गया है। इसके लिए उन्हें बेहतर रूप से चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रबंधन की ओर से प्रशिक्षण देने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। सेल मुख्यालय इन कर्मियों को प्रशिक्षण से लेकर चुनाव होने तक सभी प्रकार के अवकाश देने पर रोक लगा दी है। संबंधित विभाग के विभागाध्यक्ष को ताकीद किया गया है कि वे चुनाव कार्य में लगे कर्मियों को किसी भी प्रकार के अवकाश पर अपनी स्वीकृति प्रदान नही करें।