बिहार: उपेंद्र कुशवाहा का पीएम पर तंज, कहा- नरेंद्र मोदी बनावटी पिछड़ा हैं
उपेंद्र कुशवाहा ने समस्तीपुर में चुनावी सभा काे संबोधित किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर अपनी भड़ास निकाली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाया। मुकेश सहनी भी साथ में थे।
समस्तीपुर, जेएनएन। रालोसपा प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि भाजपा सरकार पर्दा पर कुछ दिखाती है जबकि पर्दा के अंदर कुछ और करती है। यही उसका असली चेहरा है। जैसे राम लीला में कलाकार मंच पर कुछ दिखाते हैं जबकि मंच से नीचे उतरते ही उसका आचरण बदला जाता है। वे बुधवार को उच्च विद्यालय सिरोपट्टी खतुआहा में कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. अशोक राम के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी बनावटी पिछड़ा हैं।
उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि वर्ष 2014 में उन्होंने मोदी का इसलिए साथ दिया था कि वे पहली बार पिछड़ा समाज से कोई देश का प्रधानमंत्री बनने वाला था। लेकिन बाद में पता चला कि वे बनाबटी पिछड़ा हैं। पिछड़ा समाज को ठगने का काम किया है। उनकी सच्चाई जानकार ही उन्होंने उनसे अलग होकर महागठबंधन में शामिल होने का फैसला किया। कुशवाहा ने कहा कि नोटबंदी से देश को बहुत ज्यादा नुकसान हुआ है। पिछले पांच साल में केन्द्र सरकार ने कोई काम नहीं किया। नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि सड़क से उठाकर हमने उन्हें मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठाया। आज वही हमको सड़क छाप कर रहे हैं।
वीआईपी के अध्यक्ष मुकेश सहनी ने का कि देश के हजारों करोड़ रुपये चोरी कर विदेश चला गया। यह कैसा चौकस चौकीदार है। सभा की अध्यक्षता कांग्रेस नेता रामलखन महतो ने की। संचालन राजद प्रखंड अध्यक्ष मो.कलाम खा ने किया। इधर, कल्यापुर प्रखंड के सोमनाहा में आयोजित सभा की अध्यक्षता राजद प्रखंड अध्यक्ष सत्यनारायण राय ने की। इसे अशोक प्रसाद वर्मा, डॉ रामदयाल प्रसाद, धीरेन्द्र चौधरी, रणधीर राय ने संबोधित किया। संचालन मनोज कुमार ने किया।