Move to Jagran APP

BJP Foundation Day: दो सीट से दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी BJP, कांग्रेस को हुआ नुकसान

चुनावी इतिहास में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी कहानी भी इसी तर्ज पर लिखी। जैसे-जैसे भाजपा की सीटें बढ़ती गईं वैसे-वैसे कांग्रेस की सीटें घटती गईं।

By Sanjay PokhriyalEdited By: Published: Fri, 05 Apr 2019 10:11 AM (IST)Updated: Sat, 06 Apr 2019 08:23 AM (IST)
BJP Foundation Day: दो सीट से दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी BJP, कांग्रेस को हुआ नुकसान
BJP Foundation Day: दो सीट से दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी BJP, कांग्रेस को हुआ नुकसान

रवि प्रकाश, नई दिल्ली। सफलता एक दिन की कमाई नहीं होती है। हर दिन खून-पसीना बहाना पड़ता है। बूंद बूंद से सागर बनता है। चुनावी इतिहास में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी कहानी भी इसी तर्ज पर लिखी। जैसे-जैसे भाजपा की सीटें बढ़ती गईं, वैसे-वैसे कांग्रेस की सीटें घटती गईं। 1984 में चार सौ से ज्यादा (415) सीटें जीतने वाली कांग्रेस 2014 में 44 सीटों पर सिमट गई। यही हाल मत प्रतिशत का रहा। छह अप्रैल 1980 को गठित भारतीय जनता पार्टी ने 1984 के लोकसभा चुनाव में मात्र दो सीटों पर सफलता प्राप्त की। उन दो सीटों से शुरू हुआ सफर देश की सत्ता तक पहुंचा।

loksabha election banner

भारतीय जनता पार्टी का अभ्युदय भारतीय लोकतंत्र की उस आवश्यक शर्त को मजबूती देने का वाहक बना, जिसे द्विदलीय व्यवस्था कहते हैं। त्रिपुरा, उत्तराखंड, बिहार, गोवा, मणिपुर, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, गुजरात, झारखंड, महाराष्ट्र, असम, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मेघालय, सिक्किम और मिजोरम में भाजपानीत राजग की सरकारें हैं। आज दोनों सदनों में भाजपा के 342 सांसद हैं। वहीं कांग्रेस के दोनों सदनों में 94 सांसद हैं और राजस्थान, पंजाब, छत्तीसगढ़, कर्नाटक और मध्यप्रदेश में ही सरकार है।

ये भी पढ़ें - आरक्षित सीटों पर भाजपा बनाम कांग्रेस का ट्रेंड, पिछले लोकसभा चुनाव परिणामों पर एक नजर

यह सब एक दिन में नहीं हुआ। 1984 से चुनावी आंकड़ों को खंगाले तो उतारे गए उम्मीदवारों के जीतने के प्रतिशत के मामले में भाजपा ने ही बाजी मारी है। विशेषज्ञ मानते हैं कि राष्ट्रीय फलक पर भाजपा की सफलता की नींव 1991-1992 में पड़ चुकी थी। 1999 में भाजपा के 57 फीसद उम्मीदवारों ने जीत हासिल की थी, जबकि इस दौरान कांग्रेस के 25 फीसद ही उम्मीदवार जीते। 1996 में भाजपा के 34 फीसद उम्मीदवार जीते थे तो कांग्रेस के 26 फीसद। 2004 में कांग्रेसनीत संप्रग-1 ने जीत हासिल की थी और सरकार बनाई थी, उस समय भी भाजपा के 38 फीसद उम्मीदवार जीते। कांग्रेस में यह आंकड़ा 35 फीसद था। 1996 में भी भाजपा उम्मीदवारों को 34.18 फीसद कामयाबी मिली थी तो कांग्रेस को 26.46 फीसद।

ये भी पढ़ें - गंभीर बीमारी से जूझ रहे ऋषि कपूर ने बीजेपी उम्मीदार के लिए किया प्रचार, हुआ हंगामा!

यहां से हुई थी शुरुआत
1984 को लोकसभा में भाजपा ने दो सीटें जीती थीं। 1984 के आम चुनाव में देशभर में इंदिरा की सहानुभूति लहर के बावजूद आंध्र प्रदेश के हनामकोड़ा में भाजपा के चंदू पाटला जंगा रेड्डी ने कांग्रेस के पीवी नरसिम्हाराव (पूर्व प्रधानमंत्री) को हराया था। नरसिम्हाराव आंध्र प्रदेश के सीएम भी रह चुके थे। दूसरी सीट गुजरात की मेहसाणा थी। यहां 1984 में एके पटेल ने कांग्रेस के रायनका सागरभाई कल्याणभाई को हराया था। पार्टी को कुल 7.1 फीसद वोट मिले थे।

बढ़ते रहे कदम
1989 में कांग्रेस ने 510 प्रत्याशी खड़े किए और जीते 197। भाजपा ने 225 उम्मीदवार खड़े किए। 85 ने जीत हासिल की। उसके बाद 1991 में चुनाव हुए। यह वह दौर था जब हर तरफ राममंदिर आंदोलन का शोर था। उत्साह से लबरेज भाजपा ने इस चुनाव में 477 उम्मीदवार उतारे, जीते 120। कांग्रेस ने 500 सीटों पर चुनाव लड़ा और 244 सीटें जीती। यानी लगभग 49 फीसद सीटें जीतीं। 1996 का चुनावी साल भाजपा के लिए ऐतिहासिक रहा। इस बार भाजपानीत गठबंधन राजग ने केंद्र में सरकार बनाई। चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरने पर तत्कालीन राष्ट्रपति ने भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार वाजपेयी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। वाजपेयी ने पीएम पद की शपथ ली, लेकिन उनकी सरकार केवल 13 दिन की चली। लोकसभा में बहुमत का आंकड़ा नहीं जुटा पाने पर अटल ने राष्ट्रपति को अपना इस्तीफा सौंप दिया था।

ये भी पढ़ें - Lok Sabha Election 2019: झामुमो-भाजपा में बादशाहत की लड़ाई को तैयार है दुमका

1998 में भाजपा को उस समय तक की सबसे बड़ी कामयाबी मिली। भाजपा ने 182 सीटों पर परचम लहराया। कांग्रेस ने 141 सीटों पर जीत हासिल की। इस साल भी राजग को केंद्र में सरकार बनाने का मौका मिला। 1996 के 13 दिनों के मुकाबले यह सरकार करीब 13 महीने चली। अप्रैल 1999 में इस गठबंधन की सहयोगी पार्टी अन्नाद्रमुक ने सरकार से समर्थन वापस ले लिया। 17 अप्रैल 1999 को यह सरकार महज एक वोट से गिर गई।

1999 में भी भाजपा ने अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में लोकसभा चुनाव लड़ा। पार्टी ने 339 उम्मीदवार उतारे और 182 जीते। कांग्रेस के 114 उम्मीदवार जीते। भाजपा इस बार अपने सहयोगियों के साथ सरकार बनाने में सफल रही। यह पहली गैर कांग्रेसी सरकार थी, जिसने अपना कार्यकाल पूरा किया।

2009 और 2014 में कांग्रेसनीत संप्रग ने जीत हासिल की। 2014 में भाजपानीत राजग की एक बार फिर सत्ता में वापसी हुई। 1989 के बाद यह पहला मौका था जब किसी एक दल को बहुमत मिला था। इन चुनावों में भाजपानीत राजग ने 336 सीटें जीतीं। भाजपा को 282 सीटें मिलीं। वहीं कांग्रेसनीत संप्रग को केवल 59 सीटें मिली।

2008 में दक्षिण में खिला कमल
2008 भाजपा के लिए ऐतिहासिक रहा। इस साल कर्नाटक विधानसभा चुनाव में में भाजपा ने 110 सीटें जीत कर सरकार बनाई थी। यह पहला दक्षिण भारत का राज्य था जहां भाजपा की सरकार बनी।

चुनाव की विस्तृत जानकारी के लिए यहाँ क्लिक करें


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.