LokSabha Election 2019: आगरा लोकसभा के एक बूथ पर री-पोलिंग में 58.3 फीसद वोटिंग
ईवीएम में तकनीकी खराबी से हुआ था मतदान निरस्त। शाम छह बजे तक हुआ मतदान। कुल 439 में से 256 वोट पड़े।
आगरा, जेएनएन। आगरा लोकसभा क्षेत्र में एत्मादपुर विधानसभा के गांव जटौआ के बूथ संख्या 455 पर गुरुवार को पुनर्मतदान हो रहा है। पूर्व में हुए मतदान के समय ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण मत निरस्त हो गए थे। बुधवार सुबह दस बजे गांव में पुनर्मतदान की मुनादी कराई गई थी। गुरुवार को शाम छह बजेे तक कुल 58.3 फीसद मतदान हुुुुआ।
एत्मादपुर विधानसभा के बूथ संख्या 455 पर द्वितीय चरण में 18 अप्रैल को हुए मतदान के दिन ईवीएम में तकनीकी खराबी आने के बाद मशीन बदली गई। लेकिन इसे बदलते वक्त पीठासीन अधिकारी ने क्लियर डाटा का बटन दबा दिया। इससे डाटा उड़ गया था। तब तक पड़े मत निरस्त हो गए थे।
इस बूथ पर पुनर्मतदान के आदेश दिए गए हैं। इस बूथ पर 439 मत हैं। बुधवार शाम करीब पांच बजे उप जिला अधिकारी एत्मादपुर अमरीश कुमार बिंद सहित पोलिंग पार्टी और थाना फोर्स पहुंच गया। ग्रामीणों ने बताया कि मतदान वाले दिन मतदान का फीसद अधिक था। गांव से बाहर रहने वाले मतदाता वोट डालने के लिए गांव आए थे। लेकिन वह वापस चले गए। ऐसे में गुरुवार को मतदान फीसद कम होने की आशंका है।
शाम छह बजे तक 256 वोट
बूथ संख्या 455 पर गुरुवार सुबह 7 बजे शांतिपूर्ण मतदान शुरू हो गया। बूथ संख्या 455 तक कुल 439 वोट हैं सुबह 7:30 पर पहला वोट डाला गया। मौसम गर्म होने के चलते एक-दो कर के ही मतदाता मतदान को पहुंच रहे हैं। शाम छह बजे तक कुल 256 वोट ही पड़े।
कर्मचारियों को दिया ईवीएम का प्रशिक्षण
जटौआ के बूथ 455 पर होने वाले पुनर्मतदान के लिए बुधवार को रिटर्निंग ऑफिसर सीडीओ रविंद्र कुमार मांदड़ ने कर्मचारियों को ईवीएम का तकनीकी प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की खराबी आने पर तत्काल अधिकारियों को अवगत कराया जाए, ताकि समय रहते उसे दूर किया जा सके।
कंट्रोल रूम पर दें जानकारी
रिटर्निंग ऑफिसर रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि पुनर्मतदान से संबंधित किसी प्रकार की जानकारी या शिकायत के लिए विकास भवन में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। कंट्रोल रूम के नंबर 0562- 2851616 पर पुनर्मतदान से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी दी जा सकती है।