रामविलास बोले: लालू जब पहली बार जेल गए, उस समय थी कांग्रेस की सरकार
लोजपा सुप्रीमो रामविलास ने चुनावी सभा में कांग्रेस पर हमला किया। साथ ही लालू यादव की जेल यात्रा पर भी कमेंट किया। बुधवार को पासवान समस्तीपुर में सभा को संबोधित किया।
समस्तीपुर, जेएनएन। महागठबंधन आरक्षण के नाम पर लोगों को गुमराह करने का काम कर ही है। जात पात और धर्म के नाम पर भेदभाव कर समाजिक सौहार्द को बिगाडऩे का काम कर रही है। उक्त बातें लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान ने कहीं। वे बुधवार को प्रखंड के ग्रामीण उच्च विद्यालय सिंघिया खुर्द और कल्याणपुर में सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश में आरक्षण कांग्रेस की देन नहीं है। इसके लिए अंग्रेजी शासनकाल में ही बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर ने संघर्ष किया था। उन्होंने यह भी कहा कि लालू यादव जब पहली बार जेल गए और सीबीआई का मुकदमा चला, उस समय देश में कांग्रेस की सरकार थी।
उन्होंने कहा कि महागबंधन के पास कोई मुद्दा नहीं है। एनडीए शासनकाल में दलित व पिछड़ी जाति के लोगों की एक प्रतिशत भी आरक्षण में कटौती नहीं की है। सामान्य वर्ग के भी गरीब लोगों को भी 10 प्रतिशत का आरक्षण का लाभ मिला। महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने लालू यादव को जेल भेजने का काम किया। उन्होंने कहा कि लालू यादव जब पहली बार जेल गए और सीबीआई का मुकदमा चला, उस समय देश में कांग्रेस की सरकार थी।
उन्होंने कहा कि 1967 में मैं सर्वप्रथम अलौली से विधायक बना था। हमारे बाद ही लालू प्रसाद राजनीति में आए थे। आज क्या कारण है जो उनके समस्त परिवार को ईडी के द्वारा पूछताछ की जाती है, आखिर क्यों मीसा भारती सहित उनके कई परिजनों पर कई गंभीर आरोप चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब मैं रेल मंत्री था तो लाख से अधिक गरीबों को अपने विभाग में नौकरी देकर बेरोजगारी समाप्त की थी। लेकिन लालू अपने परिवार के लिए ही सबकुछ करने लगे। कहा कि प्रधानमंत्री ऐसा हो जो रोटी, कपड़ा, मकान, दवा, शौचालय, बिजली, सड़क आदि की व्यवस्था करे।
लोजपा सुप्रीमो ने कहा कि देश चलाना कोई बच्चे का काम नहीं है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जैसे कुशल नेतृत्वकर्ता की जरूरत है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार में देश का चतुर्दिक विकास हुआ है। सीमा पर देश की सेना दुश्मनों को करारा जबाब दे रही है। जमीन, आकाश और अंतरिक्ष से देश की सुरक्षा की निगरानी हो रही है। पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. सीपी ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि यह चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। घर-घर बिजली लालटेन युग का समापन उजाला योजना के तहत गरीबों को मुफ्त गैस कनेक्शन मिला।
सभा की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष शिवशंकर शर्मा ने की। संचालन जदयू प्रखंड अध्यक्ष राजीव सिंह ने किया। मौके पर राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर, सीपी ठाकुर, दुर्गेश राय आदि ने संबोधित किया। कल्याणपुर में सभा की अध्यक्षता प्रखंड लोजपा अध्यक्ष मनोज कुमार ने की। संचालन जदयू के तकी अख्तर ने किया। इसे जदयू जिलाध्यक्ष अश्वमेध देवी ने संबोधित किया।