Lok Sabha Election 2019: SPG ने चलाई कैंची, अब सिंफर गेट से नया बाजार तक ही होगा राहुल का रोड शो
Rahul Gandhi roadshow एसपीजी ने सिंफर गेस्ट हाउस में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर सिटी एसपी सिविल सर्जन व कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ बैठक की। तीन किमी तक रोड शो की इजाजत दी।
धनबाद, जेएनएन। सुरक्षा कारणों से एसपीजी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के रोड शो पर कैंची चला दी है। दस किमी के रोड शो को छोटा कर तीन किमी कर दिया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का सात मई को धनबाद में सिंफर गेट से नया बाजार सुभाष चौक तक ही रोड शो होगा। पहले करकेंद नेहरू उद्यान से बरवाअड्डा हवाई अड्डा तक दस किमी रोड शो होना था, जो अब रूट घटकर तीन किमी का हो गया है। ऐसा एसपीजी के निर्देश सुरक्षा के मद्देनजर किया गया है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि राहुल गांधी 7 मई को बरवाअड्डा हवाई अड्डा में उतरेंगे और फिर सिंफर गेट से नया बाजार सुभाष चौक तक रोड शो करेंगे। समय की कमी के चलते रोड शो कम हो गया है। उसी दिन उनका पुरुलिया व चाईबासा में भी कार्यक्रम है। धनबाद में शाम चार बजे से रोड शो होना है। इसके लिए एसपीजी की टीम धनबाद पहुंच गई है। एसपीजी ने शनिवार को सिंफर गेस्ट हाउस में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, सिटी एसपी, सिविल सर्जन व कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ बैठक की। एसपीजी ने तीन किमी तक रोड शो की इजाजत दी।
सूत्रों के अनुसार प्रशासन ने भी करकेंद नेहरू उद्यान से बरवाड्डा हवाई अड्डा तक रोड शो में हाथ खड़े कर दिए, जिससे तीन किमी तक रोड शो कर दिया गया है। राहुल गांधी शाम चार बजे सिंफर गेट से रोड शो आरंभ करेंगे। सिटी सेंटर स्थित महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण करेंगे। फिर श्रमिक चौक में खनिक और नया बाजार में सुभाष चंद्र बोस की मूर्ति पर भी माल्यार्पण करेंगे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप