धनबाद में 35 मिनट के रोड शो से कीर्ति आजाद के पक्ष में माहौल बना गए राहुल, झलक पाने को जुटे लोग
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को धनबाद में रोड शो किया। 35 मिनट की यात्रा के दौरान राहुल धनबाद में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बना गए।
जागरण संवाददाता, धनबाद: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को धनबाद में रोड शो किया। 35 मिनट की यात्रा के दौरान राहुल धनबाद में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बना गए।
राहुल गांधी ने मटकुरिया चेक पोस्ट से बैंक मोड़ तक रोड शो किया। 4:45 बजे मटकुरिया से यात्रा शुरू हुई और 5:20 में बैंक मोड़ पर कार्यक्रम समाप्त हो गया। रोड शो में पार्टी समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा। राहुल गांधी की एक झलक पाने के लिए मटकुरिया से बैंक मोड़ तक लोगों की भीड़ लग गई। यातायात ठहर गया। लोग राहुल गांधी की झलक पाने के लिए बेताब दिखे। सड़क के दोनों किनारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। छतों पर लोग चढ़े हुए थे।
बुलेट प्रूफ कार पर राहुल व पार्टी प्रत्याशी कीर्ति आजाद झा सवार थे। राहुल ने हाथ हिला कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। राहुल के साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर अजय कुमार भी थे। रोड शो समाप्त करने के बाद राहुल गांधी बरवाअड्डा गए, जहां से हेलीकॉप्टर से वे वापस निकल गए।
झेलनी पड़ी असहज स्थिति: राहुल गांधी को उस समय असहज स्थिति झेलनी पड़ी, जब उनके रोड शो के दौरान भाजपा समर्थक मोदी का मुखौटा पहनकर खड़े हो गए। हालांकि कांग्रेसियों ने किसी तरह पार्टी अध्यक्ष के सामने स्थिति संभाली।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप