Loksabha Election 2019 : प्रियंका बोलीं, भाजपा नेताओं का 50 फीसद भाषण सिर्फ मेरे परिवार के ऊपर
खागा की जनसभा में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव ने कहा भाजपा की राजनीति हवा हवाई है।
फतेहपुर, जेएनएन। कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा ने कहा है कि भाजपा नेताओं को ये सनक है, मेरे परिवार के बारे में ही बात करते हैं। इनका पचास फीसद चुनावी भाषण यही होता है कि नेहरु जी ने क्या किया, इंदिरा जी ने क्या किया लेकिन ये नहीं बताएंगे कि इन्होंने पांच साल में क्या किया। कहा, भाजपा की राजनीति हवा-हवाई है। सिर्फ प्रचार की राजनीति कर रही है और लोकतंत्र को दुर्बल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
फतेहपुर लोकसभा क्षेत्र में एक बार फिर बुधवार को आईं कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा ने खागा की जनसभा में कहा कि जुमले बनाने वालों ने ही हम पर इल्जाम लगाने शुरू कर दिए हैं। 72 हजार रुपये गरीब परिवारों को प्रति वर्ष दिए जाने का मसौदा भाई राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं के साथ मिलकर तैयार किया कि सरकार इतनी मदद गरीब परिवार की कर सकती है या फिर नहीं। सरकार द्वारा सक्षम होने के बाद ही कांग्रेस पार्टी ने इसे घोषणा पत्र में शामिल किया। यह बात जैसे भाजपा वालों को पता चली तो हो-हल्ला मचाना शुरू कर दिया। जबकि भाजपा सरकार में 550 हजार करोड़ रुपये पूंजीपतियों का माफ हो गया।
झूठ बोलने वालों का सबक सिखाएं
प्रियंका ने जनसभा में की शिक्षिका की भूमिका में कहा यदि जनता जागरुक हो जाए तो किसी नेता की हिम्मत नहीं होगी वह झूठ बोल जाए। चुनाव के समय पर ही नेता पाकिस्तान की बात करते हैं। कहा, चुनाव के समय पर झूठ बोलने वालों को जनता सबक सिखाए। वोट आपका अधिकार है, हथियार है, इसका प्रयोग सोच-समझकर करें।
ये भी पढ़ें - Loksabha Election 2019 : कांग्रेस आई तो 25 करोड़ लोगों को देंगे साल में 72 हजार : राहुल गांधी
प्रियंका ने कहा कि गांव का किसान अन्ना जानवरों से परेशान हैं, भ्रमण के दौरान लोग खुद कहते हैं दीदी हमें बचा लीजिए। किसानों की खेती जब चरी जा रही थी, चौकीदारी कहां चली गई। भाजपा की राजनीति हवा में है, जनता से इनका कोई जुड़ाव नहीं रहता है। लोकतंत्र में आलोचना पर सत्तासीन पार्टी को खुश होना चाहिए। यहां अपनी बात कहने पर लाठियां चटकाई जाती हैं। कांग्रेस प्रत्याशी का नाम लेते हुए प्रियंका ने कहा कि भविष्य बनाने व देश को बचाने के लिए समस्याओं का खात्मा करने वालों को वोट करें।
सिर्फ अपनी वाहवाही चाहते हैं मोदी
खागा के बाद प्रियंका वाड्रा गाजीपुर पहुंची, यहां पर आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा, किसान बीमा का दस हजार करोड़ रुपये पूंजीपतियों की जेबों में जाता है। जब लुटेरे लाखों करोड़ लूटकर देश से भाग रहा था, उस समय चौकीदार कहां था। वास्तव में चौकीदार की ही शह पर लुटेरे देश से भागे हैं। प्रियंका वाड्रा ने आरोप लगाया कि मोदी वाराणसी सिर्फ भाषण देने जाते हैं, मोदी स्वार्थी हैं सिर्फ अपनी वाहवाही चाहते हैं, सिर्फ अपना प्रचार किया, जनता से तो मिले ही नहीं। कहा, मोदी सरकार झूठी है, इसलिए जनता अपना अधिकार समझे और काम नहीं करने वाले नेता को सबक सिखाए।