Move to Jagran APP

Lok Sabha Elections 2019: राष्ट्रवाद के चुनावी ट्रैक पर दौड़ती भाजपा को थामने उतरीं प्रियंका गांधी

अपनी सरल सुलभ और सारगर्भित संवाद शैली के जरिये कांग्रेस को लंबे समय बाद दी स्वाभाविक वक्ता मिलने की उम्मीद।

By Sanjeev TiwariEdited By: Published: Tue, 12 Mar 2019 09:37 PM (IST)Updated: Wed, 13 Mar 2019 08:12 AM (IST)
Lok Sabha Elections 2019: राष्ट्रवाद के चुनावी ट्रैक पर दौड़ती भाजपा को थामने उतरीं प्रियंका गांधी
Lok Sabha Elections 2019: राष्ट्रवाद के चुनावी ट्रैक पर दौड़ती भाजपा को थामने उतरीं प्रियंका गांधी

नई दिल्ली, [संजय मिश्र]। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कांग्रेस कार्यसमिति में पारित प्रस्ताव के अनुरूप लोकसभा चुनाव की राजनीतिक बहस को मुद्दों से भटकाने के भाजपा के सियासी एजेंडे को थामने के लिए मैदान में उतरने का खुला संदेश दे दिया है।

loksabha election banner

सक्रिय राजनीति में आने के बाद गुजरात में अपने पहले संबोधन के जरिये ही प्रियंका ने साफ कर दिया है कि चुनावी बहस को राष्ट्रवाद के रंग में रंगने की भाजपा की रणनीति को कांग्रेस देशभक्ति की अपनी परिभाषा से थामने की कोशिश करेगी। 'जागरूकता' और 'सही निर्णय' यानि 'सही वोट' को ही जनता की सबसे बड़ी देशभक्ति बता प्रियंका ने बेलाग इसकी परिभाषा भी स्पष्ट कर दी।

प्रभावी क्षमता का संकेत

गुजरात के गांधीनगर में प्रियंका का पहला संबोधन संक्षिप्त जरूर रहा मगर उनकी सरल, सुलभ और सारगर्भित संवाद शैली ने जनता के साथ सीधे जुड़ने की प्रभावी क्षमता का संकेत तो दे ही दिया। प्रियंका का यह अंदाज निसंदेह कांग्रेसियों के लिए चुनावी बुखार की गरमी में बड़ी राहत की उम्मीद बनेगा। इसकी वजह भी वाजिब है क्योंकि लंबे अर्से बाद कांग्रेस को राष्ट्रीय स्तर पर ऐसा वक्ता मिला है जो जनता से सीधे संवाद का तार जोड़ने में सक्षम नजर आ रहा है। खासकर राजनीति के इस दौर में जब पीएम नरेंद्र मोदी की ताकतवर संवाद क्षमता कांग्रेस ही नहीं पूरे विपक्ष की सबसे बड़ी चुनौतियों में एक है।

कटुता से करेंगी परहेज

चुनावी बहस को राष्ट्रवाद की ट्रैक पर दौड़ा रही भाजपा की स्पीड पर ब्रेक लगाने के अपने इरादे जाहिर करते हुए प्रियंका ने यह संदेश भी देने का प्रयास किया कि उनकी संवाद शैली में विरोधी पर प्रहार तो होगा मगर कटुता से परहेज करेंगी। जनता से जागरूकता और अपने वोट को सबसे बड़ा हथियार बनाने की बात कहते हुए प्रियंका की गई टिप्पणी इसी ओर इशारा करती है। इसकी व्याख्या करते हुए उन्होंने कहा ये दोनों ऐसे हथियार हैं जिसे किसी को चोट, दुख या नुकसान नहीं पहुंचता मगर जनता को सबसे मजबूत बनता है। हर साल दो करोड नौकरियां देने, हर व्यक्ति के खाते में कालेधन के 15 लाख रूपये से लेकर महिला सुरक्षा जैसे पूरे नहीं हुए वादे की बात उठा पीएम का नाम लिये बिना ही प्रियंका लोगों के बीच यह संदेश पहुंचाती नजर आयीं कि उनका निशाना कहां है।

फिजुल के मुददों से रहेंगी दूर

लोकसभा चुनाव 2019 की राजनीतिक बहस (नैरेटिव) को जन मुद्दों के अखाड़े से बाहर ले जाने की भाजपा की रणनीति को किसी सूरत में कामयाब नहीं होने देने की प्रतिबद्धता कांग्रेस कार्यसमिति के प्रस्ताव में जताई गई। अहमदाबाद में कार्यसमिति की बैठक के तुरंत बाद गांधीनगर की रैली में प्रियंका ने इस पर अमल की शुरूआत कर दी। इस संदर्भ में उन्होंने जनता से साफ कहा कि चुनाव में आप अपना भविष्य चुनने जा रहे हैं। इसीलिए चुनावी बहस फिजुल के मुददों पर नहीं बल्कि आमलोगों की जिंदगी बेहतर बनाने वाले मुद्दों पर होनी चाहिए।

हालांकि प्रियंका ने संकेतों में यह माना भी कि बहस को असल मुद्दों की पटरी पर लाने की चुनौती चुनाव के दौरान अगले दो महीने आसान नहीं होगी। तमाम ऐसे मुद्दे उछाले जाएंगे जिससे बहस की दिशा भटकायी जा सके। शायद इसीलिए उन्होंने जनता को जागरूकता के जरिये ही अपनी देशभक्ति प्रकट करने पर जोर देने की बात कही।

केवल जोशीले नारे ही राष्ट्रवाद नहीं 

प्रियंका ने दो टूक यह संदेश देने का प्रयास किया है कि केवल जोशीले नारे ही राष्ट्रवाद नहीं बल्कि सोच-समझकर सही वोट का फैसला भी कतई कम राष्ट्रवाद नहीं है। बहरहाल प्रियंका के इस अंदाजे बयां को कांग्रेस जमीन पर कितनी दूर तक ले जाएगी इसकी तस्वीर आने वाले दिनों में ही साफ होगी। सियासी बहस को मुद्दों के ट्रैक पर लाने की कांग्रेस की कामयाबी भी इसी अनुपात पर निर्भर करेगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.