LokSabha Election 2019: रामनगरी में प्रियंका गांधी का रोड शो 27 को
ट्रेन से अयोध्या पहुंचेंगी कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा। रोड शो से पूर्व हनुमानगढ़ी में करेंगी दर्शन-पूजन।
अयोध्या, जेएनएन। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा चुनावी ताल ठोकने बुधवार को ट्रेन से अयोध्या पहुंचेंगी। बजरंगबली की प्रधानतम पीठ हनुमानगढ़ी में दर्शन के बाद सुबह 10 बजे रोड शो की शुरुआत करेंगी। टेढ़ीबाजार, बेनीगंज, चौक घंटाघर, फतेहगंज, नवीन मंडी होते हुए शाम 4:30 बजे कुमारगंज पहुंचेंगी। इसके बाद वे सड़क मार्ग से अमेठी के लिए प्रस्थान करेंगी।
प्रियंका रोड शो के दौरान फैजाबाद स्थित रीडगंज तथा मिल्कीपुर विस क्षेत्र के नउवाकुआं में नुक्कड़ सभा को खिताब करने के साथ सनवीम स्कूल में छात्रों एवं युवाओं से संवाद करेंगी। फैजाबाद लोस क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी एवं पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निर्मल खत्री के संयोजन में प्रियंका के स्वागत की व्यापक तैयारी की गई है।
उन्होंने पार्टी के प्रदेश सचिव राजेंद्र प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष रामदास वर्मा, महानगर अध्यक्ष सुनील पाठक, प्रशासनिक उपाध्यक्ष गौरव तिवारी वीरू, सुनीलकृष्ण गौतम, एआइसीसी सदस्य केके सिन्हा, उग्रसेन मिश्र आदि के साथ बैठक कर रोड शो को कामयाब बनाने की रूपरेखा तय की। पार्टी के जिला प्रवक्ता शीतला पाठक के अनुसार अयोध्या से लेकर कुमारगंज तक राष्ट्रीय महासचिव के स्वागत के 32 प्वाइंट बनाए गए हैं। शहरी क्षेत्र में 19 स्थानों पर स्वागत किया जाएगा।