Priyanka Gandhi in Maharajganj : पीएम मोदी पर साधा निशाना, कहा-भाजपा के राज में केवल उद्योगपतियों का विकास हुआ
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी गुरुवार को दोपहर पार्टी प्रत्याशी सुप्रिया श्रीनेत के समर्थन में नगर के जीएसवीएस इंटर कालेज में जनसभा करने पहुंचीं।
गोरखपुर/महराजगंज, विश्वदीपक त्रिपाठी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा सिर्फ प्रचार कर रही है, उनका प्रचार खोखला है। विकास के लिए बेहतर नीयत जरूरी है। आज किसान सर्वाधिक परेशान हैं। किसान बीमा के धन से दस हजार करोड़ रुपये का लाभ उद्योगपतियों को हुआ है। नोटबंदी ने सभी को कतार में खड़ा कर दिया । मनरेगा को भाजपा ने दुर्बल बनाया है। भाजपा की नीति किसान विरोधी है। भाजपा का मकसद सत्ता प्राप्त करना है, माध्यम कुछ भी हो सकता है। भाजपा मगरूर व कमजोर सरकार है।
प्रधानमंत्री पांच साल की उपलब्धि तक नहीं गिना पाए। जनता का विकास कर मजबूत बनाया जा सकता है। देश का भविष्य कांग्रेस के हाथ में सुरक्षित है। यह चुनाव देश व सभी लोगों के भविष्य का है, बारीकी से सोच कर जनप्रतिनिधि व पार्टी का चुनाव करें। कांग्रेस झूठे वादे नहीं करती, धरातल पर काम करती है। आज आमजन असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। कांग्रेस किसान बजट व विकास परक बजट बनाएगी। कांग्रेस सभी की लड़ाई लड़ना चाहती है । सरकार बदलिए व भविष्य मजबूत बनाइए।
सभा में महराजगंज से कांग्रेस प्रत्याशी सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि प्रियंका का कमान संभालना नए युग की शुरूआत है । मौका मिला तो पार्टी लोगों के साथ न्याय करेगी। जुमलेबाजों से सावधान रहें। इस दौरान जिलाध्यक्ष आलोक प्रसाद, पूर्व सांसद जितेंद्र सिंह, श्यामनरायन तिवारी, सदामोहन उपाध्याय, तलत अजीज, तनुश्री त्रिपाठी,रामप्रसाद गुप्त, त्रिभुवन मिश्र, राकेश गुप्ता, शरद सिंह, नूरआलम, विराजवीर समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप