Lok Sabha Election 2019: पहले जनता की आस थे प्रधानमंत्री मोदी, अब विश्वास
वर्ष 2014 में भाजपा की नरेंद्र मोदी सरकार चुन कर आई तो लोग कह रहे थे कि भारत को नई आस मिल गई है। अब 2019 में सब लोग कह रहे हैं कि अब भारत का विश्वास आया है।
जामताड़ा, जेएनएन। वर्ष 2014 में भाजपा की नरेंद्र मोदी सरकार चुन कर आई तो लोग कह रहे थे कि भारत को नई आस मिल गई है। अब 2019 में सब लोग कह रहे हैं कि अब भारत का विश्वास आया है। दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने मिहिजाम के स्टेशन चौक पर मंगलवार दोपहर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए यह बात कही।
मशहूर भोजपुरी गायक व सांसद तिवारी ने मिहिजाम की जनता से अपील करते हुए कहा कि दुमका लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी सुनील सोरेन नरेंद्र मोदी के प्रतिबिंब हैं। इन्हें भरी भारी मतों से जीता कर संसद भेजें। यह संसद में आपकी आवाज बनेंगे।
कहा कि वे दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष हैं, केवल सांसद नहीं। अगर मिहिजाम की जनता को दिल्ली में कोई समस्या हो तो उनसे जरूर संपर्क करें। उनकी समस्या का समाधान करेंगे। स्टार प्रचारक मनोज तिवारी ने भोजपुरी लहजे में जनता का मन जीतने की कोशिश की। कहा कि इन दिनों पूरा विपक्ष नरेंद्र मोदी को गाली देने में लगा है। पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी तो प्रधानमंत्री को चांटा मारने की बातें कह रही हैं। परंतु हमारे नेता नरेंद्र मोदी ने दीदी को हमेशा दीदी कह कर ही सम्मान किया है। बीच-बीच में स्टेशन चौक पर रुक रहे बसों में बैठे लोगों को भोजपुरी अंदाज में नमस्कार करते हुए कहा कि अबकी बार फिर से मोदी सरकार। कहा कि भाजपा की सरकार ने हर घर में गैस कनेक्शन पहुंचाने, प्रधानमंत्री आवास देना व सबसे अधिक जरूरी हर घर में शौचालय देने का कार्य किया। कहा कि गैस चूल्हा देना हमारे लिए बहुत बड़ी बात थी, क्योंकि वे खुद उस गांव के रहने वाले हैं जहां आग मांगने के लिए दूसरे के घर जाया करते थे। भोजपुरी भाषा में कहा कि जब हमलोग कहते थे की माई नाश्ता बनाओ तो हमार माई कहत रहलीं कि जा पड़ोसी के घरे से आग मांग के ले आव।
सभा में मनोज तिवारी ने भोजपुरी गाना भी गाया। उन्होंने 'कहवा छुपा के रखल आंखी के पुतरिया गाकर लोगों की तालियां बटोरी। तिवारी ने संबोधन के आखिरी में गाना गाकर दुमका के भाजपा प्रत्याशी सुनील सोरेन के पक्ष में लोगों से मतदान करने की अपील की। मौके पर पूर्व विधायक विष्णु प्रसाद भैया, जामताड़ा नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल, बीस सूत्री उपाध्यक्ष संतन मिश्रा, बेबी सरकार, नगर पर्षद मिहिजाम नगर अध्यक्ष कमल गुप्ता, प्रदेश युवा मोर्चा मंत्री मनीष दुबे, रमेश टुडू, संजय ङ्क्षसह, रीता शर्मा, बेबी सरकार, बालमुकुंद रविदास आदि मौजूद थे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप