जानिये ताजनगरी में मोदी की दहाड़ के बाद अब राहुल की गर्जना की कैसी तैयारी
रैली में भीड़ जुटाने को नेतृत्व ने कसी लगाम। प्रदेश के लोस चुनाव में अकेले उतरेगी कांग्रेस।
आगरा, जेएनएन। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की आगरा रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी नेतृत्व जुट गया है। शहर व जिला कार्यकारिणी से बूथ और ब्लॉक स्तर तक के पदाधिकारियों की सूची तलब की है। लखनऊ से इसकी निरंतर मॉनीटरिंग की जा रही है। उप्र में कांग्रेस ने अकेले चुनाव लडऩे का ऐलान किया है। आगरा में राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की रैली फरवरी में होनी है, जिसकी तिथि अभी तय नहीं की गई है।
मतभेद भुला चुनाव में जुटने का आह्वान
पार्टी पदाधिकारियों को शीर्ष नेतृत्व द्वारा आपसी मतभेद भुला तैयारियों में जुटने को कहा है। अब पार्टी नेतृत्व ने शहर व जिला कार्यकारिणी पर लगाम कसी है। शहर में वार्ड स्तर पर बनी बूथ कमेटियों के अध्यक्ष, बूथ एजेंट और चार-चार के पैनल की सूची मांगी है। शहर में सभी वार्डों में पार्टी के बूथ प्रभारी, एजेंट नहीं हैं। ऐसे में पार्टी को सूची तैयार करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। उधर देहात में भी पार्टी से ब्लॉक पदाधिकारियों व बूथों पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की सूची मांगी गई है। ब्लॉक स्तर पर सभी 15 ब्लॉकों में दो-दो पदाधिकारियों को पर्यवेक्षक बनाकर रैली के लिए न्याय पंचायत स्तर पर बैठकें करने का दायित्व सौंपा गया है। लखनऊ से इसकी मॉनीटङ्क्षरग पार्टी नेतृत्व द्वारा गठित टीम कर रही है। इससे स्थानीय पदाधिकारियों का पसीना छूट रहा है। इसके लिए शहर से लेकर देहात तक बैठकें शुरू कर दी हैं।
कोठी मीना बाजार मैदान में होगी रैली
राहुल गांधी की रैली कोठी मीना बाजार मैदान में होगी। जिला व शहर कांग्रेस ने भीड़ को देखते हुए इसी जगह का सुझाव प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद को दिया है। रैली की तिथि तय होते ही इसके लिए अनुमति संबंधी प्रक्रियाएं पूरी की जाएगी।
दस दिन में हो जाएगी पूरी तैयारी
रैली के लिए हर वार्ड में बैठक करनी हैं। 10 दिन में सब काम हो जाएगा। बूथ अध्यक्षों, एजेंटों व पैनल की सूची तैयार कर नेतृत्व को भेजी जा रही हैं।
-हाजी अबरार हुसैन, शहर अध्यक्ष
रैली के लिए ब्लॉक स्तर पर बैठकें शुरू कर दी गई हैं। पर्यवेक्षक बनाकर उन्हें जिम्मेदारी सौंपी हैं। किसान, मजदूर और युवाओं का समर्थन मिल रहा है।
-दुष्यंत शर्मा, जिला अध्यक्ष