Lok Sabha Election 2019 : चुनाव ड्यूटी में फोर्स रवाना, सारी जिम्मेवारी थाना प्रभारियों के कंधे पर
Lok Sabha Election 2019. चुनावी ड्यूटी की वजह से थानों में पांच-छह पुलिसकर्मी ही रह गए हैं। ऐसे में सारी जिम्मेवारी थाना प्रभारियों के कंधे पर ही आ गई है।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। Lok Sabha Election 2019 झारखंड में पहले चरण का चुनाव 29 अप्रैल और दूसरे चरण का 6 मई को निर्धारित है। चुनावी डयूटी के लिए जिला पुलिस और रेल पुलिस के अधिकारी, जवान और होमगार्ड जवानों को बुधवार से रवाना करना शुरू कर दिया गया है जिससे थानों और पुलिस चौकियों में बल की कमी हो गई है।
थाने में पांच-छह पुलिसकर्मी ही रह गए हैं। 6 मई को मतदान के बाद ही पुलिसकर्मी वापस जिले लौट पाएंगे। इसके बाद कोल्हान प्रमंडल में 12 मई को होने वाले चुनाव डयूटी में पुलिसकर्मी लगाएं जाएंगे। हर थाना से पुलिस अधिकारी और पुलिसकर्मी इसमें शामिल रहेंगे।
ऐसे में शांति व्यवस्था बनाए रखने में गुरुवार से मशक्कत होगी। रात की गश्ती के साथ ही रुटीन कामकाज भी प्रभावित होंगे। कानूनी व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी मौजूद पुलिसकर्मियों के कंधे पर डबल हो जाएगी। ट्रैफिक व्यवस्था से लेकर व्यवस्था संभालने में थाना प्रभारियों की जिम्मेदारी होगी। 29 अप्रैल को प्रदेश के पलामू, लोहरदगा और चतरा और 6 मई को कोडरमा, रांची, खूंटी और हजारीबाग में चुनाव होने है।
चुनावों में आती है ऐसी समस्या
चुनाव में हमेशा ऐसा होता है। फोर्स की कमी अवश्य हुई है। जो फोर्स वर्तमान में है। वे काम करेंगे। कोई समस्या उत्पन्न नही होगी। टीम भावना से सभी सतर्कता से काम करेंगे।
-अनूप बिरथरे, वरीय पुलिस अधीक्षक