Lok Sabha Election 2019: झारखंड के गढ़वा में चुनाव कराने गए जवान का शव यूपी में मिला
Lok Sabha Election 2019. जमशेदपुर जिला बल के जवान का शव रविवार को उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के सीमावर्ती क्षेत्र विडमगंज में मिला। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
गढ़वा, जासं। Lok Sabha Election 2019 - लोकसभा चुनाव कराने आए झारखंड पुलिस के एक जवान का शव चुनाव से एक दिन पूर्व रविवार को सीमावर्ती सोनभद्र जिला के विंडमगंज रेलवे स्टेशन के निकट झाड़ी में संदिग्ध अवस्था में पाया गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में कर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल राबर्ट्सगंज भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार जमा दो उच्च विद्यालय स्थित कलस्टर पर गत 24 अप्रैल को पुलिस बल पहुंचा था। इसमें जमशेदपुर जिला बल का जवान करीब 50 वर्षीय प्रदीप भाई तिग्गा 26 अप्रैल को अहले सुबह से ही लापता हो गया। वह मूल रूप से नया टोली चर्च रोड अपर बाजार रांची का रहने वाला था। उसके गायब होने के बाद साथी जवानों के द्वारा काफी खोजबीन की गई पर प्रदीप का अता-पता नहीं चला।
शनिवार को प्रदीप का बैग झारखंड व उत्तर प्रदेश के सीमा पर सतबहिनी नदी के किनारे विंडमगंज थाना क्षेत्र के बूटबेढ़वा में पाया गया। बैग में दो सेट कपड़ा, कागजात व पंचानवे पीस जिंदा कारतूस था। प्रदीप अपना राइफल कलस्टर पर ही छोड़ गायब हुआ था। बैग मिलने के बाद विंडमगंज थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह पुलिस बल व ग्रामीणों के साथ अपने थाना क्षेत्र में जवान की खोजबीन की, लेकनि पता नहीं चला।
रविवार को सुबह 10 बजे विंडमगंज रेलवे स्टेशन के पीडब्ल्यू आई ऑफिस के पीछे झाड़ी में एक शव होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस स्थल पर पहुंच शव को कब्जे में कर थाने ले आई। बताया जाता है कि प्रदीप भाई तिग्गा जमशेदपुर जिला के मानगो थाने में पदस्थापित था। वह मानगो से 24 अप्रैल को चुनाव कराने के लिए श्री बंशीधर नगर आया था।
शव मिलने की सूचना पर विंडमगंज पहुंची श्री बंशीधर नगर पुलिस
सीमावर्ती सोनभद्र जिला के विंडमगंज थाना क्षेत्र में शव पाए जाने की सूचना पर श्री बंशीधर नगर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीरज कुमार, पुलिस निरीक्षक रमोद कुमार सिंह, थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ विण्ढमगंज पहुंच शव की पहचान प्रदीप भाई तिग्गा के रूप में किया।
इस संबंध में एसडीपीओ नीरज कुमार ने बताया कि मौत कैसे हुई यह पोस्टमार्टम के बाद ही पता चलेगा। शरीर पर किसी तरह का कोई निशान नहीं है। नीरज कुमार ने बताया कि पिछले 26 अप्रैल को अहले सुबह से ही प्रदीप गायब था। इसकी खोजबीन की जा रही थी। इसी क्रम में सूचना मिली की विंडमगंज थाना क्षेत्र में एक शव मिला है। मृतक पुलिस जवान प्रदीप की मां फ्लोरा तिग्गा व पत्नी अनिता टोप्पो विण्ढमगंज पहुंच गए हैं।
करीब आधा किलोमीटर दूर था बैग से प्रदीप का शव
जहां बैग मिला था उससे करीब आधा किलोमीटर पश्चिम व उत्तर दिशा में पीडब्लुआई कार्यालय के पीछे झाड़ी से प्रदीप का शव बरामद किया गया। जिस दिन बैग मिला उस दिन प्रदीप कहां था, यह जांच का विषय है। बैग मिलने के दूसरे दिन प्रदीप का शव पाया गया। सबसे अहम सवाल है कि 26 व 27 अप्रैल को दिन रात प्रदीप कहां था। प्रदीप झाड़ी तक कैसे पहुंचा। बताया जाता है कि प्रदीप शराब का सेवन भी काफी करता था। कयास लगाया जा रहा है कि अत्यधिक शराब सेवन के कारण प्रदीप अपना होशो हवास खो बैठा और मौत हो गई।