Lok Sabha Election 2019 : पीएम की सभा के लिए चाईबासा पहुंचा कांस्टेबल गश खाकर गिरा, मौत; तीन अस्पताल में
Lok Sabha Election 2019 . प्रधानमंत्री की छह मई की सभा में ड्यूटी के लिए रांची से चाईबासा पहुंचे विशेष शाखा के एक कांस्टेबल की मौत हो गई जबकि इंस्पेक्टर सहित तीन गंभीर हैं।
चाईबासा, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छह मई की सभा में ड्यूटी के लिए रांची से चाईबासा पहुंचे विशेष शाखा के एक कांस्टेबल की मौत हो गई जबकि इंस्पेक्टर सहित तीन को गंभीर स्थिति में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया गया है कि रांची से विशेष शाखा से 80 कांस्टेबल व पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी चाईबासा में लगाई गई है। सभी दो मई को ही रांची से चाईबासा पहुंच गए थे। रविवार को पीएम मोदी के सभास्थल पर सभी ब्रीफंिग के लिए जा रहे थे। ज्योंहि सभी टाटा कॉलेज मैदान के गेट पर पहुंचे उनमें चार गश खाकर गिर पड़े। सबों को तत्काल चाईबासा सदर अस्पताल ले जाया गया। उनके एक कांस्टेबल पंकज कुमार को डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। जबकि शेष तीन का इलाज किया जा रहा है। गंभीर रूप से बीमारों में इंस्पेक्टर नेलशन बारला और मगरदी बारला और कांस्टेबल साजिद अंसारी शामिल हैं। मृतक कांस्टेबल बिहार के भागलपुर जिले के साहू बरबत्ता के खगड़ा गांव के मूल निवासी थे।
लू लगने से हुई मौत
डॉक्टर ने कांस्टेबल और इंस्पेक्टरों के मूर्छा खाकर गिरने की वजह लू को बताया है। चाईबासा में गर्मी अत्यधिक पड़ रही है। लू की चपेट में आने से ही कांस्टेबल पंकज कुमार की मौत हुई।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप