LokSabha Elections 2019 : एक मंच से तीन सीटों पर निशाना साधेंगे पीएम मोदी
भाजपा की नजर अब छठे और सातवें चरण में होने वाली गोरक्षप्रांत की तेरह लोकसभा सीटों के चुनाव पर है। शनिवार को पीएम मोदी सीएम योगी बस्ती में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।
गोरखपुर/बस्ती, एसके सिंह। भाजपा की नजर अब छठे और सातवें चरण में होने वाली गोरक्षप्रांत की तेरह लोकसभा सीटों के चुनाव पर है। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ बस्ती से चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे। मोदी यहां राजकीय पालीटेक्निक परिसर में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। वह सरकार की उपलब्धियों के साथ ही वादे और इरादे जताकर मंडल की तीन सीटों बस्ती,डुमरियागंज व संतकबीर नगर के मतदाताओं को साधने की पुरजोर कोशिश करेंगे।
मोदी बस्ती की सरजमीं पर तीसरी बार और राजकीय पालीटेक्निक परिसर में दूसरी बार मंच से जनता को संबोधित करेंगे। पहली बार वह 2014 के चुनाव में जीआइसी के मैदान में जनता से रूबरू हुए थे। दूसरी बार वर्ष 2017 के विधान सभा चुनाव में मोदी आए तो उनकी सभा राजकीय पालीटेक्निक परिसर में हुई।
पीएम की यह सभा हिट रही। नतीजा बस्ती जिले ही नहीं मंडल की सभी विधान सभा सीटों पर भगवा फहरा। इस बार भी मोदी की सभा के लिए पालीटेक्निक परिसर ही चुना गया है।
बस्ती में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभा अभी दो दिन पहले हो चुकी है। शनिवार को पीएम मोदी की सभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ ही प्रत्याशियों ने भी पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अजय सिंह गौतम और जिलाध्यक्ष पवन कसौधन ने कहा कि भाजपा के पक्ष मेंं चुनावी बयार चल रही है। योगी और मोदी की सभा के बाद यह आंधी में तब्दील हो जाएगी।
आज बस्ती में चुनावी रैली
शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी की पहली सभा प्रतापगढ़ में होगी। इसके बाद वह हेलीकाप्टर से बस्ती आएंगे। यहां दोपहर में 1.30 बजे से लेकर 2.15 तक राजकीय पालीटेक्निक के मैदान में बस्ती, संतकबीर नगर और डुमरियागंज सीट से चुनाव लड़ रहे भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री यहां से हेलीकाप्टर से वाल्मीकि नगर (बिहार) चले जाएंगे। वहां से लौटकर गोरखपुर एयरपोर्ट पहुुंचेंगे और वापस दिल्ली चले जाएंगे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप