पीएम मोदी हैं राजनीतिक असहिष्णुता के सबसे बड़े शिकार : मुख्तार अब्बास नकवी
केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजनीतिक असहिष्णुता के सबसे बड़े शिकार हैं।
नई दिल्ली, प्रेट्र। केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजनीतिक असहिष्णुता के सबसे बड़े शिकार हैं। अल्पसंख्यक मामलों के केंद्रीय मंत्री ने कलाकारों सहित लोगों के विभिन्न समूहों द्वारा जारी बयान के बीच यह टिप्पणी की है। विभिन्न समूहों ने मतदाताओं से लोकसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करने की अपील की है। भाजपा को भी कई कलाकारों और बुद्धिजीवियों का समर्थन मिला है।
संवाददाताओं से नकवी ने कहा कि करीब पांच साल पहले कुछ तथाकथित बुद्धिजीवियों ने अमेरिका और यूरोपीय यूनियन से मोदी के खिलाफ लिखा था। उन्होंने दावा किया कि कुछ कांग्रेस नेता पाकिस्तान गए हैं और पड़ोसी देश से मोदी को हटाने में मदद मांगी है।
नकवी ने कहा कि भाजपा का नेतृत्व करते हुए मोदी के सत्ता में आने के बाद कुछ कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को लिखा था और कहा था कि संविधान खतरे में हैं। उन्होंने दावा किया था कि देश में मोदी सरकार ने असहिष्णुता का वातावरण तैयार किया है। सभी साजिशों के बावजूद लोगों का मोदी में भरोसा दिनों दिन बढ़ता गया है। नकारात्मक प्रचार के बाद भी मोदी देश को प्रगति और समृद्धि की राह पर ले गए हैं।