LokSabha News 2019: माले महासचिव को भरोसा, महागठबंधन का छेद भरेगी जनता
भाकपा माले महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने बुधवार को चुनावी घोषणा पत्र जारी किया। उन्होंने कहा कि कोडरमा में माले की जीत होगी।
गिरिडीह, जेएनएन। भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा है कि भाजपा को हराने के नाम पर जो महागठबंधन हुआ, उसमें छेद है। इस छेद को जनता ठीक करेगी। वामपंथियों के बिना कोई भी गठबंधन न तो टिकाऊ हो सकता है न विश्वसनीय। असली गठबंधन जनता के बीच बना है। माले को इसपर पूरा भरोसा है।
बुधवार को बिशनपुर में दीपंकर ने माले का झारखंड का चुनावी घोषणा पत्र भी जारी किया। राजद की ओर से पलामू एवं चतरा में प्रत्याशी देने पर कहा कि उसे झारखंड में संगठन और उसूल बचाना है तो कोडरमा लोकसभा सीट पर माले को समर्थन करे। प्रदेश अध्यक्ष रहीं अन्नपूर्णा देवी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गिरिनाथ ङ्क्षसह जैसे राजद के बड़े नेता जिस तरह से भाजपा में गए उससे साफ है कि भाजपा यहां राजद का अस्तित्व ही समाप्त कर देगी। अब राजद के जमीनी कार्यकर्ता इस लड़ाई में माले के साथ हैं। महागठबंधन के नाम पर कोडरमा में बाबूलाल को समर्थन देना, भाजपा को मदद पहुंचाने के समान है। माले को कोडरमा सीट छोडऩे के लिए कहना डकैती डालने के समान है। बाबूलाल मरांडी का यह कहना कि वामपंथी पार्टियों को विधानसभा चुनाव में एडजस्ट करेंगे, हास्यास्पद है। विधानसभा चुनाव में खुद दो-दो सीटों पर हारनेवाले बाबूलाल वामपंथियों को एडजस्ट करने की बात किस मुंह से करते हैं।
दीपंकर ने बताया कि जहां भी वामपंथी पार्टियां चुनाव लड़ेंगी, माले समर्थन करेगी। जहां चुनाव नहीं लड़ रही हैं, वहां माले महागठबंधन को समर्थन देगी। देश में 22 लोकसभा सीटों पर माले चुनाव लड़ रही है। बिहार में चार सीटों पर लड़ रही है। आरा सीट पर महागठबंधन का भी समर्थन हासिल है। झारखंड में भाकपा को हजारीबाग एवं मासस को धनबाद में समर्थन करेंगे। कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र में न्यूनतम आमदनी की गारंटी देने का स्वागत किया। पूर्व विधायक विनोद सिंह ने कहा कि कोडरमा में जो भी भाजपा को हराना चाहता है, वह माले को समर्थन करे। कोडरमा के प्रत्याशी राजकुमार यादव ने कहा कि भाजपा एवं बाबूलाल दोनों इस बार माले का मुकाबला नहीं कर सकेंगे।