Move to Jagran APP

जानें-सांसद बनने के लिए झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार का प्लान-बी

धनबाद लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस टिकट के तीन प्रमुख दावेदार हैं। चंद्रशेखर दुबे राजेंद्र सिंह और अजय कुमार दुबे। अगर ऊपर से कोई नहीं टपका तो तीनों में से ही कोई एक चुनाव लड़ेगा।

By mritunjayEdited By: Published: Mon, 25 Feb 2019 05:35 PM (IST)Updated: Mon, 25 Feb 2019 05:35 PM (IST)
जानें-सांसद बनने के लिए झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार का प्लान-बी
जानें-सांसद बनने के लिए झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार का प्लान-बी

धनबाद, जेएनएन। झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। लोकसभा चुनाव- 2019 में भी जमशेदपुर से ही लड़ने की ज्यादा संभावना है। लेकिन, विकल्प के रूप में धनबाद लोकसभा सीट पर भी डॉ. कुमार की नजर है। कांग्रेस के धनबाद जिलाध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह ने धनबाद क्षेत्र से टिकट के लिए पांच संभावित नामों की सूची प्रदेश अध्यक्ष को साैंपी है। इनमें पहला नाम प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार का ही है। इनके अलावा चार अन्य नाम हैं-पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रसाद सिंह, पूर्व मंत्री चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे, विजय कुमार सिंह और अजय कुमार दुबे। कांग्रेस के राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष के इशारे पर ही जिलाध्यक्ष ने उनके नाम की धनबाद से सिफारिश की है। 

loksabha election banner

उपचुनाव में जमशेदपुर से मिली थी सफलताः मुख्यमंत्री बनने के बाद जमशेदपुर के तत्कालीन सांसद अर्जुन मुंडा ने इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद 2011 में हुए उप चुनाव में झारखंड विकास मोर्चा के प्रत्याशी के रूप में डॉ. अजय कुमार ने जमशेदपुर से चुनाव जीता था। हालांकि तीन साल बाद हुए 2014 में चुनाव के दाैरान डॉ. कुमार भाजपा के विद्युतवरण महतो के हाथों पराजित हो गए। इसके बाद वे झाविमो से इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल हो गए। और अब झारखंड प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष हैं। झारखंड में कांग्रेस महागठबंधन बनाकर लोकसभा चुनाव लड़ने जा रही है। डॉ. कुमार खुद जमशेदपुर से चुनाव लड़ना चाहते हैं। हालांकि जमशेदपुर झामुमो के आधार वाली सीट रही है। वैसे झामुमो डॉ. कुमार के लिए जमशेदपुर सीट छोड़ने के लिए राजी है। इसके बावजूद डॉ. कुमार की नजर धनबाद सीट पर है। किन्हीं कारणों से अगर जमशेेदपुर से पीछे हटना पड़ा तो वे धनबाद से चुनाव लड़ेंगे। यह प्रदेश अध्यक्ष का प्लान-बी है। जबिक प्लान-ए जमशेदुपर। 

धनबाद से टिकट के 18 दावेदारः धनबाद लोकसभा सीट से टिकट के लिए 18 लोगों ने आवेदन दिया है। इनमें चंद्रशेखर दूबे उर्फ ददई दुबे, राजेंद्र प्रसाद सिंह, मन्नान मल्लिक, अजय कुमार दुबे, विजय कुमार सिंह, सुरेश चंद्र झा, रामा राउत, जगनारायण सिंह, ललन चौबे, रवि चौधरी, सुंदर यादव, जेके भगत, परमानंद यादव, बीके सिंह, विमला देवी, मयूर शेखर झा, अनिल सिंह और डॉ. सीके ठाकुर शामिल हैं। इनमें तीन प्रमुख दावेदार हैं। चंद्रशेखर दुबे, राजेंद्र प्रसाद सिंह और अजय कुमार दुबे। अगर ऊपर से कोई नहीं टपका तो तीनों में से ही कोई एक धनबाद से चुनाव लड़ेगा। 

कांग्रेस प्रदेश चुनाव समिति में हुई नामों पर चर्चाः 23 फरवरी को रांची में झारखंड प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक हुई थी। इस बैठक में झारखंड की 14 लोकसभा सीटों के लिए संभावित नामों पर चर्चा हुई। सभी जिलाध्यक्षों से संभावित उम्मीदवारी के लिए तीन-तीन नाम मांगे गए थे। धनबाद जिलाध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह ने तीन के बजाय पांच नाम साैंपे। इनमें पहला नाम झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह का था। हालांकि अपना नाम आते ही डॉ. कुमार ने बैठक में कहा कि वह धनबाद से टिकट के दावेदार नहीं हैं। मेरा नाम क्यों दे दिया? दूसरे नंबर पर पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रसाद सिंह का नाम है। सिंह गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में तीन-तीन बार चुनाव हार चुके हैं। अब वह बगल की धनबाद लोकसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं। तीसरे नंबर पर नाम पूर्व मंत्री चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे का है। दुबे 2004 में धनबाद से लोकसभा का चुनाव लड़कर जीत चुके हैं। कांग्रेस ने 2014 में उनका टिकट काट अजय कुमार दुबे को दिया था। मोदी लहर के बावजूद अजय कुमार दुबे ने करीब 2.50 लाख मत प्राप्त किए। लेकिन, हार का सामना करना पड़ा। इनका नाम जिलाध्यक्ष ने पांचवे नंबर पर दिया है। जबकि चाैथे नंबर विजय कुमार सिंह हैं। विजय कुमार सिंह को कांग्रेस ने 1996 में धनबाद लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया था। अब प्रदेश चुनाव समिति जिलाध्यक्षों से प्राप्त नामों की छंटनी कर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को अनुशंसा करेगी। टिकट का अंतिम फैसला केंद्रीय चुनाव समिति के स्तर पर होना है। 

जिलाध्यक्ष ने नाम बताने से किया इन्कारः संभावित उम्मीदवारों की सूची के सवाल पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष को साैंप दी है। इसमें किसका नाम है, नहीं बता सकता। टिकट का फैसला आलाकमान करेगा। जो भी टिकट लेकर आएगा जिला कांग्रेस एकजुट होकर जिताने का काम करेगी। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.