Lok Sabha Election 2019 : घाटशिला में जुटे महागठबंधन के नेता, चंपई के लिए मांगे वोट
Lok Sabha Election 2019 . जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के घाटशिला के दाहीगोड़ा सर्कस मैदान में मंगलवार को विपक्षी महागठबंधन के नेताओं का जुटान हुआ।
घाटशिला (पूर्वी सिंहभूम), जेएनएन। Lok Sabha Election 2019 जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के घाटशिला के दाहीगोड़ा सर्कस मैदान में मंगलवार को विपक्षी महागठबंधन के नेताओं का जुटान हुआ। सबों ने महागठबंधन प्रत्याशी चंपई सोरेन को जिताने की अपील की।
झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने लोगों को संबोधित करते हुए महागठबंधन के प्रत्याशी चंपई सोरेन को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता 12 मई को मतदान करें। इस बार वीवीपैट मशीन से वोट होगा। आपने किसे अपना वोट दिया है, यह पर्ची में आप को दिखेगा। महागठबंधन को जिताने के लिए आप पार्टी प्रत्याशी को वोट करें। हेमंत ने संथाली में जनसभा को संबोधित किया।
लद गए भाजपा के दिन: बलमुचू
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद डॉ प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि महागठबंधन की जीत तब होगी जब हर कोई अपने आप को प्रत्याशी समझेगा। सभी लोग अपने आप को चंपई सोरेन समझें। चंपई सोरेन को दिल्ली भेजें ताकि जमशेदपुर की आवाज संसद में गूंजे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पांच साल में सिर्फ झूठ बोला है। अब यह कह रही है कि कालाधन आएगा। पांच साल में तो कुछ नहीं आया। अब और क्या आएगा। अब तो इस सरकार के विदाई के दिन है। जनता भाजपा को पूरे देश से उखाड़ फेकेंगी।
स्कूल बंद कर दारू दुकान खुलवा रही सरकार: चंपई
प्रत्याशी चंपई सोरेन ने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश के स्कूलों को बंद कर दिया गया। स्कूल बंद कर झारखंड में दारू दुकान खुलवाया जा रहा है। अब जनता भाजपा की सभा में जाना बंद कर रही है। भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं रहा है। हम जीतेंगे तो भाजपा की गलत नीति को रद्द किया जाएगा। यहां के आदिवासी और मूलवासी की भावना को ख्याल में रख कर नीति बनाई जाएगी। सारे स्कूलों को खुलवाया जाएगा। बेरोजगारों को नौकरी दी जाएगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप