Lok Sabha Election 2019: छठे चरण के पहले दिन दो नामांकन, 39 नामांकन पत्र बिके
Lok Sabha Election 2019. गिरिडीह व सिंहभूम में कोई नामांकन नहीं हुआ जबकि धनबाद और जमशेदपुर में एक-एक नामांकन हुआ।
रांची, राज्य ब्यूरो। Lok Sabha Election 2019 - झारखंड में तीसरे चरण की चार सीटों गिरिडीह, धनबाद, जमशेदपुर तथा सिंहभूम में चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद मंगलवार को पहले दिन महज दो नामांकन हुए। जबकि चारों सीटों पर कुल 39 नामांकन पत्र बिके। गिरिडीह व सिंहभूम में कोई नामांकन नहीं हुआ, जबकि धनबाद और जमशेदपुर में एक-एक नामांकन हुआ।
गिरिडीह में पहले दिन छह नामांकन पत्र बिके लेकिन एक भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ। धनबाद में पहले दिन एक दर्जन नामांकन पत्र बिके, जबकि एक उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल किया। जमशेदपुर में पहले दिन 14 नामांकन पत्र बिके, जबकि एक नामांकन पत्र दाखिल किया गया। इसी तरह, सिंहभूम में पहले दिन सात नामांकन पत्र बिके, जबकि एक भी उम्मीदवार ने नामांकन नहीं किया।
23 अप्रैल तक चलेगा नामांकन, 12 मई को पड़ेंगे वोट
लोकसभा चुनाव को लेकर झारखंड के तीसरे चरण (देश भर का छठा चरण) की चार सीटों पर चुनाव के लिए मंगलवार को अधिसूचना जारी हो गई। इसी के साथ इन सीटों पर नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। इनमें गिरिडीह, धनबाद, जमशेदपुर तथा सिंहभूम सीटें शामिल हैं। इन सीटों में सिंहभूम सीट एसटी के लिए आरक्षित है। तीन अन्य सामान्य सीटें हैं। इन चारों सीटों पर नामांकन की अंतिम तिथि 23 अप्रैल है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 24 अप्रैल को होगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि 26 अप्रैल है। मतदान 12 मई को होगा।
फैक्ट फाइल
गिरिडीह
कुल मतदाता : 8,67,986
नए मतदाता (18-19 वर्ष) : 17,906
मतदान केंद्र : 2,161
धनबाद
कुल मतदाता : 20,44,802
नए मतदाता : 27,678
मतदान केंद्र : 2,539
जमशेदपुर
कुल मतदाता : 16,70,371
नए मतदाता (18-19 वर्ष) : 26,718
मतदान केंद्र : 1,885
सिंहभूम
कुल मतदाता : 12,47,639
नए मतदाता (18-19 वर्ष) : 27,859
मतदान केंद्र : 1,715