Lok Sabha Election 2019 : सुबह के पांच घंटे बेटे के क्वार्टर में रहे चंपई
Lok Sabha Election 2019. चंपई सुबह छह बजे ही राजनगर के पास जिलिंगगोड़ा स्थित पैतृक आवास से निकल गए थे। आज उनका इरादा उन दिहाड़ी मजदूरों से मिलना था।
वीरेंद्र ओझा, जमशेदपुर। जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र से महागठबंधन (झामुमो) के प्रत्याशी चंपई सोरेन जीतने के लिए जी-जान से जुटे हैं। बुधवार की दिनचर्या भी यह बताने के लिए काफी है कि वे चुनाव को लेकर कितने गंभीर हैं। चंपई सुबह छह बजे ही राजनगर के पास जिलिंगगोड़ा स्थित पैतृक आवास से निकल गए थे। आज उनका इरादा उन दिहाड़ी मजदूरों से मिलना था, जो हर दिन रोजी-रोटी की तलाश में चौक-चौराहों पर सुबह-सुबह खड़े रहते हैं। स्टेशन से जुगसलाई गेट होते हुए चंपई अकेले ही कदमा बाजार आए और ऐसे मजदूरों से मिले। उनका हालचाल पूछा और जीतने पर बेहतरी के लिए कुछ करने का आश्वासन भी।
सुबह 7.30 बजे : कदमा सब्जी बाजार के पास दिहाड़ी मजदूरों से मिलते, उनकी खैरियत पूछते हुए चंपई कदमा स्थित अपने तीसरे बेटे बबलूनाथ सोरेन के क्वार्टर पहुंचे। वे यहां क्वार्टर के बाहर बैठे दो-तीन लोगों से बातें कर रहे थे। रिपोर्टर के पहुंचते ही उन्हें लेकर अंदर चले गए।
सुबह 8 बजे : चंपई के यहां होने की खबर शायद कई लोगों को मालूम थी, लिहाजा कुछ चैनल वालों के साथ मुसाबनी व जादूगोड़ा से कई झामुमो कार्यकर्ता-समर्थक भी आ गए।
सुबह 9 बजे : कदमा क्वार्टर से झामुमो के बूथ स्तरीय कार्यकर्ता झंडा, बैनर, पर्चे आदि लेकर निकलने लगे। कमरे के अंदर से चंपई उन्हें खास दिशा-निर्देश देकर विदा कर रहे थे।
सुबह 9.45 बजे : क्वार्टर के अंदर गए कार्यकर्ता बाहर निकले। बताया कि दादा (चंपई सोरेन) भोजन कर रहे हैं। करीब 15 मिनट बाद उनके इशारे पर कार्यकर्ता भी अंदर जाने लगे।
सुबह 10 बजे : कुछ न्यूज चैनल वाले चंपई सोरेन का लाइव करने आ गए, कैमरा लगाया। चैनल रिपोर्टर के हर सवाल का चंपई दृढ़ता से जवाब दे रहे थे। चंपई उत्साह से लबरेज दिखे। उनका कहना था कि मुकाबला है ही नहीं। अब तो शहर और गांव, दोनों में एकतरफा रूझान है। महागठबंधन जीत रहा है।
सुबह 10.30 बजे : झामुमो आलाकमान के खासमखास सुप्रियो भट्टाचार्य कदमा स्थित क्वार्टर पहुंचे। चंपई चैनल को लाइव इंटरव्यू देने के बाद सुप्रियो से बात करने लगे। इस बीच झामुमो युवा कमेटी के जिलाध्यक्ष महावीर मुर्मू पहुंचे, जबकि इससे पहले पटमदा के मंगल कालिंदी पहुंचे और दादा (चंपई) से बात करके निकल गए। झामुमो नेता श्यामल सरकार सुबह आठ बजे से ही क्वार्टर पर जमे थे, जो अंत तक रहे। इस बीच कदमा क्वार्टर पर डेढ़-दो सौ कार्यकर्ता-समर्थक आते-जाते रहे।
दोपहर 12 बजे : चंपई यह कहते हुए कदमा से निकले कि राजनगर में डेढ़ बजे हेमंत की जनसभा है, जाना जरूरी है। शाम को धतकीडीह मेडिकल बस्ती, ट्यूब कंपनी के पास हरिजन बस्ती, भालूबासा, कदमा जाहेरथान आदि जाना है। हां, आज 150 युवा सिख झामुमो में शामिल हो रहे हैं। एक बार फिर उनके चेहरे पर मुस्कान फैल गई।
झामुमो आज करेगा रोड शो
झारखंड मुक्ति मोर्चा गुरुवार को दोपहर तीन बजे एग्रिको से बिरसानगर तक रोड शो करेगा, जिसमें जमशेदपुर लोकसभा के प्रत्याशी चंपई सोरेन के साथ झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार भी शामिल रहेंगे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप