LokSabha Election 2019: शांतिपूर्ण चुनाव के लिए जिले में 22 हजार से अधिक लोगों को नोटिस जारी
सभी से भराए जाएंगे बांड अनुमंडल पूर्वी क्षेत्र में 13 व पश्चिमी में नौ हजार चिह्नित। आचार संहिता उल्लंघन में भी सख्ती। अब तक दर्ज किए गए 41 मामले।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। जिले में शांतिपूर्ण चुनाव के लिए 22 हजार से अधिक लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। इन सभी से बांड भरवाए जाएंगे। वहीं आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के 41 मामले दर्ज किए गए हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी आलोक रंजन घोष ने आदर्श आचार संहिता कोषांग एवं विधि-व्यवस्था कोषांग के पदाधिकारियों को और सख्ती बरतने का निर्देश दिया। वहीं सभी राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों से भी दोस्ताना माहौल में चुनाव लडऩे की अपील की। कहा, निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देश का अनुपालन सुनिश्चित हो। आदर्श आचार संहिता की अनदेखी बर्दास्त नहीं की जाएगी।
वहीं जिले में सतर्कता को लेकर निरोधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है। अनुमंडल पूर्वी में 13519 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। इसमें से 6329 को नोटिस का तामिला कराया गया। यह कार्रवाई धारा 107 के तहत की गई है। जबकि 628 लोगों के खिलाफ वारंट जारी किए गए हैं। वहीं पश्चिमी अनुमंडल में 9230 लोगों को नोटिस जारी किए हैं। इसमें 5903 को नोटिस का तामिला करा दिया गया है। 1473 के विरुद्ध वारंट जारी किए गए हैं।
छात्र-छात्राओं को डीएम ने किया पुरस्कृत
बिहार दिवस पर बेहतर प्रदर्शन कव मतदाता जागरूकता के लिए जिला डीएम आलोक रंजन घोष ने स्कूली छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया। ये बच्चे बिहार दिवस पर वाद विवाद प्रतियोगिता, पेंटिंग प्रतियोगिता समेत कई कार्यक्रमों में भाग लिया था। वहीं मतदाताओं को भी जागरूक करने में प्रशासन की मदद की। डीएम ने इन बच्चों को और बेहतर करने के लिए प्रेरित भी किया।