मधुबनी लोकसभा : चुनावी सभा में बोले नीतीश- काम के बदले चाहिए वोट की मजदूरी
झंझारपुर के ललित कर्पूरी स्टेडियम में नीतीश रामविलास व सुशील मोदी की चुनावी सभा। रामविलास की हुंकार बिहार में हम चालीस की चालीस सीट जीतेंगे।
मधुबनी,जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुनिया में देश का मान बढ़ाया है। केन्द्र सरकार के काम करने के तरीके से भारतवासियों का मनोबल ऊंचा हुआ है। बिहार के लिए भी मोदी जी ने जो काम किए हैं वह गौरव की बात है। हम काम के बदले मजदूरी मांगने आए हैं। उपरोक्त बातें मुख्यमंत्री सह जनता दल यू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने झंझारपुर ललित कर्पूरी स्टेडियम में एनडीए उम्मीदवार रामप्रीत मंडल के पक्ष में चुनावी सभा में कही। उन्होंने कहा कि मजदूरी कैसे दीजिएगा। आवाज आई वोट देकर। मुख्यमंत्री श्री कुमार गदगद दिखे।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने बिहार के प्रस्ताव पर कई सड़कों को एनएच में तब्दील कर दिया है। एनएच और पुल पुलिया के लिए पचास हजार करोड़ रुपये का आवंटन किया। कहा कि मोदी सरकार ने गरीब महिलाओं के उत्थान के लिए रसोई गैस कनेक्शन की सुविधा दी। गरीबी मिटाने के लिए आयुष्मान योजना लागू किया। किसानों को छह हजार की राशि दी। यह योजना कोई मामूली बात नहीं है।
उन्होंने विरोधियों पर सीधे कटाक्ष किया। कुछ राजनेता राजनीति में सेवा के लिए नहीं मेवा कमाने आते हैं। कहा कि उन्होंने वादा पूरा किया। हर घर में बिजली पहुंचाई वह भी तय सीमा के अंदर। जब हर घर में बिजली पहुंच गई तो बोलिए अब लालटेन की जरूरत है क्या? भीड़ से आवाज आई नहीं। उन्होंने सरकार के कामों यथा जलनल योजना, शौचालय योजना, पक्की गली नली योजना को हर हाल में 2020 तक पूरा करने का वादा भी किया।
प्रत्येक जिला में अभियंत्रण कॉलेज, एएनएम कॉलेज, आइटीआइ, स्टूडेण्ट क्रेडिट योजना के बाबत विस्तार से बताया। अब हरेक वृद्ध को पेंशन भी मिल रहा है। बाढ़ नियंत्रण एवं आपदा विभाग के काम की भी तारीफ करते हुए लोगों से रामप्रीत मंडल को जिताने की अपील की। लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविलास पासवान ने कहा कि बिहार में हम चालीस की चालीस सीट जीतेंगे। उन्होंने मोदी की प्रशंसा की और कहा कि केन्द्र सरकार ने सबका साथ सबका विकास किया है। हम नया भारत बनाना चाहते हैं और लूटने वाले लोग महागठबंधन का ड्रामा कर रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने भी विपक्षियों को घेरा और कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार के विकासात्मक कार्य पर लोग वोट कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से जनता दल यू उम्मीदवार के पक्ष में वोट की अपील की। सभा को मंत्री कपिलेश्वर कामत, विनोद नारायण झा, पूर्व मंत्री नीतीश मिश्रा, राष्ट्रीय महासचिव संजय झा, मंगनीलाल मंडल, जगतनारायण सिंह, प्रो. बिनोद ङ्क्षसह, सुमन महासेठ, सांसद बीरेन्द्र कुमार चौधरी सहित अन्य ने संबोधित किया। सीएम व अन्य को बड़ा माला से स्वागत किया गया तथा मिथिला पेंटिग भेंट की गई।