नीतीश का विपक्ष पर वार- वोट के लिए समाज को बांटकर पैदा करना चाह रहे कटुता
लोजपा प्रत्याशी के समर्थन में मुख्यमंत्री ने बिथान में सभा को किया संबोधित। तीसरे चरण की अंतिम सभा थी सीएम की।
समस्तीपपुर, जेएनएन। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार विकास के पथ पर अग्रसर है। गरीबों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है वही मनोबल भी बढा है। केंद्र की कल्याणकारी योजनाएं लोगों के जीवन स्तर में काफी मददगार साबित हुई है। वे रविवार को स्थानीय गांधी मैदान में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। खगडिय़ा लोकसभा से लोजपा प्रत्याशी चौधरी महबूब अली कैसर के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के साथ न्याय की उनकी प्रतिबद्धता जगजाहिर है।
बिहार में कानून का राज है। विरोधियों को विकास कार्य से कोई लेना-देना नही है। वे वोट के लिए समाज को बांटकर कटूता पैदा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हमने जाति-धर्म, अगड़ा-पिछड़ा का भेद भुलाकर सभी वर्गो के लिए न्याय के साथ विकास का रास्ता प्रशस्त किया है। राजद पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 साल पति-पत्नी की सरकार रही, लेकिन बिहार का विकास नही हुआ।
उन्होंने अपने 13 साल में किए कामों को गिनाया और पूछा- कहां विकास नही हुआ है? घर-घर बिजली पहुंच गयी है, तो लालटेन और ढिबरी की क्या जरूरत है। कहा-बिहार देश का पहला राज्य है, जहां पंचायत एवं नगर निकाय चुनाव में महिलाओ को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया। वही जीविका योजना के तहत एक करोड़ महिलाओं को स्वयं-सहायता समूह से जोड़ा गया है। उन्होने कहा की पहले बिहार में सात सौ मेगावाट बिजली खपत होती थी जबकि आज बिहार मे 52 मेगावाट बिजली खपत हो रही है। बिहार में अंधेरा खत्म हो गया है। रोशनी आ गयी है। बिहार के लोगों को लालटेन की जरूरत नही है।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा की केद्र सरकार ने बिहार को कई एनएच सड़क, पुल-पुलिया के लिए 50 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाएं दी है। आतंकवाद पर कठोर कारवाई करने से सेना के साथ देश वासियों का मनोबल बढा है। उन्होंने कहा की विपक्षी दलों के पास न नीयत है और न ही बिहार के विकास का विजन। सिर्फ अपना स्वार्थ सिद्ध करने के लिए चुनाव जीतना चाहते हैं।
संविधान बचाने के नाम पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षा स्थानीय विधायक राजकुमार राय ने की। जदयू जिलाध्यक्ष अश्वमेघ देवी, जितेद्र कुमार विमल, रामनारायण मंडल, भाजपा नेत्री सुनीता सिंह, रंजीत यादव, शत्रुघ्न मंडल, विनेश मुखिया, गंगा प्रसाद आजाद, संजीव कुशवाहा, अरविंद महतो, शिवशंकर यादव, विजय यादव, संजय गुप्ता, समेत दर्जेनों वक्ताओ ने सभा को संबोधित किया।