25 मार्च को नागपुर से नामांकन भरेंगे नितिन गडकरी
भाजपा ने गुरुवार को उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। जिसमें नितिन गडकरी को नागपुर से और प्रीतम को बीड लोकसभा से टिकट दिया गया।
मुंबई, एएनआइ। चुनावी तारीखों के एलान के बाद से राजनीतिक दल उम्मीदवारों की सूची जारी कर रहे हैं। उम्मीदवारों ने भी अपना नामांकन भरना शुरु कर दिया है। महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी भी अपने बड़े नेताओं के नामांकन की घोषणा कर रही है। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री पंकजा मुंडे ने बताया कि केंद्रीय मंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता नितिन गडकरी 25 मार्च को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। वहीं पंकजा मुंडे की बहन प्रीतम मुंडे भी 25 मार्च को ही नामांकन करेंगी। नागपुर की लोकसभा सीट के लिए 25 मार्च नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख है। 28 मार्च तक उम्मीदवार पर्चा वापस ले सकते हैं।
भाजपा ने गुरुवार को उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। जिसमें नितिन गडकरी को नागपुर और प्रीतम को बीड लोकसभा से टिकट दिया गया है। नागपुर पहले से ही भाजपा का गढ़ रहा है। वहीं बीड भाजपा के दिवंगत गोपीनाथ मुंडे की सीट थी। उनके मौत के बाद हुए उपचुनाव में उनकी बेटी प्रीतम मुंडे जीतकर आई हैं। भाजपा ने अपनी पहली सूची में दो सांसद के टिकट काट दिए हैं।
गौरतलब है कि मीडिया रिपोर्ट्स में पूर्ण बहुमत की स्थिति न होने पर नितिन गडकरी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदावार बताया जा रहा था, लेकिन उन्होंने ने इससे साफ इंकार कर दिया। खुद को आरएसएस का सिपाही बताते हुए उन्होंने देश सेवा को सर्वोपरि बताया था।