पढ़िए- रोड शो के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा ने कैसे बोला भाजपा हमला
कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा शुक्रवार को गाजियाबाद में कहा कि हक मांगने पर जनता को लाठियां दी जाती हैं। सत्तासीन लोग लोकतंत्र को नष्ट कर आपका हक छीनना चाहते हैं।
गाजियाबाद, जेएनएन। कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा शुक्रवार को गाजियाबाद में कहा कि हक मांगने पर जनता को लाठियां दी जाती हैं। सत्तासीन लोग लोकतंत्र को नष्ट कर आपका हक छीनना चाहते हैं। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पांच साल बाद सत्ता के लिए निकले इन लोगों के पास एक भी उपलब्धि नहीं है। प्रियंका वाड्रा ने कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा के समर्थन में रोड शो निकालने के बाद मालीवाड़ा चौक पर लोगों को संबोधित कर रहीं थीें।
उन्होंने कहा कि आपके हाथ हैं कि आप कैसी राजनीति चाहते हैं? एक जो नकारात्मक और फिजूल के मुद्दे उठाते हैं और दूसरे जो काम करते हैं। वोट आपका सबसे बड़ा हथियार है, जिसे वह नष्ट करने पर तुले हैं। वह चाहते हैं कि आप दुर्बल बने, सत्ता की चाबी आपके हाथ में न रहे।
उन्होंने समझाया लोकतंत्र का मतलब है सत्ता आपकी है, इसका मतलब है आप अपने भविष्य का निर्णय करने में सक्षम हैं। यह कोई लोकतंत्र नहीं है कि आप अपने हक की आवाज उठाते हैं तो आपको पीटा जाता है। किसान प्रताड़ित होता है। नौजवान, शिक्षाकर्मी, आशा बहुओं के हक को नहीं दिया जा रहा। नेता आप पर कोई एहसान नहीं करते। आपका विकास, रोजगार, शिक्षा, समस्याओं का अधिकार आपका हक है। अब समय आ गया कि आप अपने वोट की ताकत को पहचाने।
भाजपा या किसी अन्य दल का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि वह प्रचारवादी राजनीति करते हैं और हम आपके लिए काम करना चाहते हैं। पूछते हैं गरीब को देने के लिए 72 हजार कहां से आएंगे? हम बताते हैं इनके पास 317 हजार करोड़ रुपये उद्यमियों को माफ करने के लिए हैं। सड़क, पानी के लिए इनके पास नहीं है। जीएसटी से लोगों को मारा गया है। भदोही के बुनकरों से बात की कालीन उद्योग 60 प्रतिशत खत्म हो गया। पांच साल बाद प्रचार में निकले हैं तो एक भी उपलब्धि नहीं बता पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आप कहते हैं नेहरू ने ये किया, इंदिरा ने ये किया अरे मोदी जी आप तो बताइए पांच सालों में आपने क्या किया? देशभर से नंगे पैर किसान आपके द्वार समस्या लेकर आते हैं, लेकिन उन्हें बिना मिले लौटा दिया जाता है। पांच साल पहले जो वचन दिए वो पूरे क्यों नहीं किए? अपने घोषणा पत्र की तारीफ करते हुए प्रियंका ने कहा कि हमने पूरे राष्ट्र से हर वर्ग के लोगों से उनकी राय लेकर इसे तैयार किया, जिसमें व्यापारी, किसान, युवाओं सभी के लिए बस कुछ हैं। इस दौरान पार्टी प्रवक्ता राजीव त्यागी, बिजेंद्र यादव, नरेंद्र भारद्वाज, विजय चौधरी, माया देवी, प्रेमप्रकाश, बबली नागर, लोकेश चौधरी, वीर ¨सह चौधरी, गौरव अग्रवाल, सुनील चौधरी आदि मौजूद रहे।
छेड़ा वाराणसी का किस्सा
प्रियंका वाड्रा ने कहा मैं प्रधानमंत्री जी के क्षेत्र वाराणसी गई। वहां के लोगों से पूछा कि प्रधानमंत्री आते हैं। वहां के लोगों ने बताया कि दीदी आते तो हैं, लेकिन बड़ी रैलियां कर भाषण देकर चले जाते हैं। किसी से आकर नहीं मिलते। वाराणसी से सांसद होने के नाते गरीब के घर जाना चाहिए, लेकिन चीन, जापान, अमरीका, अफ्रीका जाकर गले मिलते हैं। अपने लोगों से मिलने का नहीं।