अतीत के आईने से: आम आदमी पार्टी के बदले नक्षत्र में कई बड़े चेहरे हुए नदारद
2014 के लोकसभा चुनाव में पार्टी से कई बड़े चेहरों ने लोकसभा चुनाव लड़ा था। वहीं इस बार 2019 के लोक सभा चुनाव में ये सारे चेहरे नदारद हैं। सभी इन चेहरों न पार्टी से इस्तीफा दे दिया।
नई दिल्ली, निहाल सिंह। राजनीतिक दलों का ग्रह-नक्षत्र बदलते रहने के साथ सितारों की दलबदली आम है। इस आम चुनाव से पहले भी कई दलों के सितारे बदल रहे हैं। वह दूसरी पार्टी के आसमान में चमकते दिख रहे हैं, या फिर राजनीति से किनारा कर चुके हैं। यह सिलसिला भाजपा, कांग्रेस, सपा व बसपा की तरह ही आम आदमी पार्टी (आप) में भी चल निकला है।
आप के खेमे में इस बार कई ऐसे सितारे नहीं होंगे, जो पहले आप के आंगन में खिले थे। गत लोकसभा चुनाव में आप ने पंजाब में चार सीटों पर जीत दर्ज करने के साथ ही दिल्ली की सभी सातों सीटों पर दूसरे स्थान पर रही थी। पार्टी के इस प्रदर्शन का श्रेय आप के रणनीतिकारों और उस समय के स्टार प्रचारकों को भी दिया जाता है।
वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में आप ने दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को कुल 36 स्टार प्रचारकों की लिस्ट सौंपी थी। इसमें आप के राष्ट्रीय संयोजक अर्रंवद केजरीवाल समेत दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और कुमार विश्वास का नाम शामिल था। वरीयताक्रम में दूसरे स्थान पर कवि कुमार विश्वास थे। उन्होंने तब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ आप की टिकट पर अमेठी से खम भी ठोकी थी, लेकिन बीते एक-डेढ़ वर्षों से वह आप से दूर नजर आ रहे हैं।
इसके अलावा पार्टी के रणनीतिकारों व स्टार प्रचारकों में रहे संस्थापक सदस्य प्रशांत भूषण, प्रवीण कुमार, आशीष खेतान, आशुतोष व राजमोहन गांधी जैसे नेता थे। इनमें से प्रशांत भूषण अब योगेंद्र यादव के साथ स्वराज अभियान का हिस्सा बन चुके हैं तो आशीष खेतान राजनीति से किनारा कर बतौर अधिवक्ता प्रैक्टिस कर रहे हैं। आप के रणनीतिकार रहे आशीष तलवार और राजमोहन गांधी भी अब सक्रिय नजर नहीं आते हैं। इसके अलावा महाभारत में भीम की भूमिका निभाने वाले प्रवीण कुमार भी आप में नहीं हैं। वह लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा में शामिल हो गए थे।
ये स्टार प्रचारक दिल्ली में प्रत्याशी भी थे
वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान स्टार प्रचारकों की लिस्ट में आप के चार उम्मीदवार भी स्टार प्रचारक थे। यह सभी स्टार प्रचारक अब आपके साथ नहीं हैं। इसमें प्रोफेसर आनंद कुमार उत्तर-पूर्वी दिल्ली से चुनाव लड़े थे और यह दूसरे स्थान पर रहे थे। इसी तरह आशीष खेतान नई दिल्ली से तोआशुतोष चांदनी चौक से व राजमोहन गांधी पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में थे।