Move to Jagran APP

Lok Sabha Election 2019ः जानिए अपने संसदीय सीट के बारे में वो सब कुछ जिनसे हैं अंजान

जानिए दिल्ली की सभी सीटों के बारे में कहां-क्या मुद्दे हैं और कौन किसके सामने चुनौती बनकर चुनावी मैदान में खड़ा है।

By Mangal YadavEdited By: Published: Sat, 27 Apr 2019 08:12 PM (IST)Updated: Sat, 27 Apr 2019 08:12 PM (IST)
Lok Sabha Election 2019ः जानिए अपने संसदीय सीट के बारे में वो सब कुछ जिनसे हैं अंजान
Lok Sabha Election 2019ः जानिए अपने संसदीय सीट के बारे में वो सब कुछ जिनसे हैं अंजान

नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली की सभी सात सीटों के लिए 12 मई को मतदान होगा। आइए आपको बताते हैं दिल्ली की सभी सीटों के बारे में कहां-क्या मुद्दे हैं और कौन किसके सामने चुनौती बनकर चुनावी मैदान में खड़ा है।

loksabha election banner

पश्चिमी दिल्ली

विधानसभा क्षेत्रों की संख्या - 10

विधानसभा क्षेत्र

राजौरी गार्डन, तिलक नगर, हरि नगर, जनकपुरी, द्वारका, उत्तम नगर, मटियाला, नजफगढ़, विकासपुरी व मादीपुर

प्रमुख इलाके

द्वारका, राजौरी गार्डन, जनकपुरी, विकासपुरी, हरि नगर

प्रमुख बाजार

जनकपुरी डिस्ट्रिक्ट सेंटर, तिलक नगर मार्केट, राजौरी गार्डन मार्केट, पोसंगीपुर मार्केट, नजफगढ़ मार्केट

प्रमुख दलों के उम्मीदवार

भाजपा- प्रवेश वर्मा, कांग्रेस-महाबल मिश्र, आम आदमी पार्टी- बी एस जाखड़

प्रमुख मुद्दे

-चौराहे पर अतिक्रमण

-कॉलेज की कमी

-सार्वजनिक परिवहन की कमी

-मूलभूत सुविधाओं का अभाव

भाजपा प्रत्याशी प्रवेश वर्मा का कहना है कि पिछले पांच वर्षों में देश विकास के पथ पर अग्रसर हुआ है। आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। उज्ज्वला योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ लोगों को मिला है। स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत के तहत साफ-सफाई अभियान को बल मिला है। लोग भाजपा की नीतियों से काफी खुश हैं और इस बार भी भाजपा बड़ी जीत दर्ज करेगी।

वहीं कांग्रेस प्रत्याशी महाबल मिश्र का कहना है कि पिछले पांच वर्षो में कोई भी विकास कार्य नहीं हुए हैं। कांग्रेस की ओर से शुरू की गई योजनाओं का भाजपा नेताओं ने सिर्फ फीता काटा है। लोग समस्याओं से त्रस्त हैं। भाजपा की ओर से जो वादे किए गए थे उसे पूरा नहीं किया गया। लोग अब झूठे वादों में नहीं आने वाले हैं। कांग्रेस ने विकास किया है और विकास करेंगे के सिद्धांत वाली पार्टी है। इस बार लोग कांग्रेस को जीत दिलाएंगे।

उधर, आप प्रत्याशी बीएस जाखड़ का कहना है कि आम आदमी पार्टी की ओर से दिल्ली में काफी विकास कार्य किए गए हैं। लोगों को पानी-बिजली की समुचित आपूर्ति की जा रही है। हर कॉलोनी में पाइपलाइन से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में काफी कार्य किए गए हैं। हमारी पार्टी पूर्ण राज्य के लिए लड़ाई लड़ रही है और लोग भी हमारा साथ दे रहे हैं।

कुल मतदाता- 23,67,509

पुरुष मतदाता- 12,76,652

महिला मतदाता-10,90,797

थर्ड जेंडर- 60

नए मतदाता-43857

2014 में लोकसभा के नतीजे

भाजपा- प्रवेश वर्मा- 651395

आप- जरनैल सिंह- 350889

कांग्रेस- महाबल मिश्र- 193266

पूर्वी दिल्ली

विधानसभा क्षेत्रों की संख्या- 10

विधानसभा क्षेत्र

जंगपुरा, ओखला, त्रिलोकपुरी, कोंडली, पटपड़गंज, लक्ष्मीनगर , विश्वास नगर, कृष्णा नगर, गांधी नगर, शाहदरा

प्रमुख इलाके

जामिया नगर, शाहीन बाग, निजामुद्दीन, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी ए, बी व सी ब्लॉक, लाजपत नगर, सनलाइट कॉलोनी, सरिता विहार, दरियागंज, लक्ष्मी नगर, गीता कॉलोनी, कृष्णा नगर, गांधी नगर, फर्श बाजार, शाहदरा छोटा बाजार, विवेक विहार, सूरजमल विहार, विश्वास नगर, आइपी एक्सटेंशन, पटपड़गंज, मयूर विहार, गाजीपुर, कल्याणपुरी व त्रिलोकपुरी।

प्रमुख बाजार

गांधी नगर, लक्ष्मी नगर, विकास मार्ग, लाल क्वार्टर कृष्णा नगर, कोंडली मार्केट, छोटा बाजार शाहदरा, अनाज मंडी शाहदरा आचार्य निकेतन मार्केट, लाजपत नगर, जंगपुरा, जामिया नगर

प्रमुख दलों के उम्मीदवार

भाजपा- गौतम गंभीर

आप- आतिशी

कांग्रेस- अमरिंदर सिंह लवली

प्रमुख मुद्दे

गाजीपुर लैंडफिल साइट, अतिक्रमण व यातायात जाम, गंदे पेयजल की आपूर्ति व पेयजल की कमी की समस्या के अलावा इस क्षेत्र में सड़कों स्थिति खराब है।

पूर्वी दिल्ली में पिछले छह सालों में विकास के कई कार्य हुए हैं जिसमें एनएच नौ का रिकार्ड समय में चौड़ीकरण, आइपी यूनिवर्सिटी का निर्माण कार्य शुरू होने जैसे कई कार्य हैं। विकास सतत प्रक्रिया है।

भाजपा प्रत्याशी गौतम गंभीर का कहना है कि पार्टी सांसद महेश गिरी के समय में हुए विकास कार्यो को आगे ले जाना है। मैं सच्चे दिल से कार्य करने आया हूं और बेहतरीन परिणाम दूंगा ।

आप उम्मीदवार आतिशी का कहना है कि पूर्वी दिल्ली में तो समस्याएं ही समस्या हैं। यहां पिछले पांच सालों में तो कोई कार्य ही नहीं हुआ। न सांसद की ओर से कोई काम किया गया और न ही भाजपा शासित नगर निगम द्वारा। गंदगी, यातायात जाम, अवैध शराब की बिक्री आदि कई समस्याएं हैं। महिला सुरक्षा की स्थिति भी बेहद खराब है।

कांग्रेस प्रत्याशी अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र में पिछले पांच वर्षों में न तो सांसद ने कोई काम किया और न नगर निगम व दिल्ली सरकार ने। अगर इन तीनों ने कार्य किया होता तो समस्याएं नहीं होतीं। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जो सड़कें व फ्लाईओवर चमचमा रहीं थी उनका रखरखाव तक नहीं हो पा रहा है। गंदगी व अतिक्रमण से बुरा हाल है। पानी व सीवर की समस्या से हर इलाका ग्रसित है।

पुरुष मतदाता- 11,28,885

महिला मतदाता- 9,09,306

थर्ड जेंडर- 79

सर्विस वोट- 950

कुल मतदाता- 20,39,220

लोकसभा 2014 के नतीजे

भाजपा- महेश गिरी- 5,72,202

आप- राज मोहन गांधी- 3,81,739

कांग्रेस- संदीप दीक्षित- 2,03,240

चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र

विधानसभा क्षेत्रों की संख्या- 10

विधानसभा क्षेत्र

आदर्श नगर, शालीमार बाग, शकूर बस्ती, त्रीनगर, वजीरपुर, मॉडल टाउन, सदर बजार, चांदनी चौक, मटियामहल, बल्लीमारान

प्रमुख इलाके व बाजार

सदर बाजार, चांदनी चौक, फतेहपुरी, खारी बावली, कूचा महाजनी, कूचा चौधरी, कूचा लट्टू शाह, दरीबा कला, किनारी बाजार, कूचा रहमान, नई सड़क, जामा मस्जिद, दरियागंज, दिल्ली गेट, अजमेरी गेट, कश्मीरी गेट, लाहौरी गेट, तुर्कमान गेट, सिविल लाइंस, मोरी गेट

प्रमुख दलों के उम्मीदवार

भाजपा-डॉ हर्षवर्धन, कांग्रेस- जय प्रकाश अग्रवाल, आप-पंकज गुप्ता

प्रमुख मुद्दे

लोकसभा क्षेत्र में पार्किंग की समस्या प्रमुख है। चांदनी चौक और सदर बाजार प्रसिद्ध कारोबारी हब है। जहां रोजाना हजारों वाहन आते-जाते हैं, लेकिन पार्किंग के समुचित इंतजाम नहीं है।

मटियामहल, बल्लीमारान व चांदनी चौक के साथ अन्य विधानसभा क्षेत्रों में अवैध निर्माण की समस्या है। लोकसभा क्षेत्र में कई जगह सड़कें टूटी है। फुटपाथ भी खराब है, जिन्हें लोग दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं।

इस लोकसभा क्षेत्र में 30 फीसद व्यापारी वर्ग है, तो यहां वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी), नोटबंदी के साथ सीलिंग का मुद्दा गरमाया हुआ है।

भाजपा प्रत्याशी डॉ हर्षवर्धन का कहना है कि चांदनी चौक के जाम की समस्या को खत्म करने के लिए रानी झांसी फ्लाईओवर को शुरू कराया। यह कार्य काफी समय से लंबित था। इसके साथ ही अनेकों ऐसे कार्य हुए है, जिनसे जनता को सहूलियत हुई है। आगे भी यह कार्य जारी रहेंगे और दिल्ली को प्रदूषण से निजात दिलाने के लिए कार्य किए जाएंगे। मेरा उद्देश्य इस क्षेत्र को विकास के मामले में पहले पायदान पर खड़ा करना है।

आप के उम्मीदवार पंकज गुप्ता का कहना है कि चांदनी चौक सीट पर बहुत बड़ी संख्या में व्यापारी हैं, जिनकी कई समस्याएं है। नोटबंदी की वजह से व्यापारियों को बहुत नुकसान हुआ है। जीएसटी से भी व्यापारी परेशान हैं। इसके अलावा इस क्षेत्र में जाम की समस्या है। इन सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

कांग्रेस प्रत्याशी जय प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि चांदनी चौक संसदीय क्षेत्र में झुग्गियां हैं, जिनकी जहां झुग्गी वहां मकान का वादा किया गया था, लेकिन इस मुद्दे पर कोई कार्य नहीं हुआ है। इतना ही नहीं नोटबंदी और जीएसटी की मार से व्यापारी वर्ग काफी परेशान है। चांदनी चौक में जाम की समस्या भी है, जिसे खत्म किया जाना प्राथमिकता है।

कुल मतदाता- 15,62,268

पुरुष- 8,48,303

महिला- 7,13,3,93

थर्ड जेंडर- 132

2014 के नतीजे

भाजपा- डॉ. हर्षवर्धन

आप- आशुतोष

कांग्रेस-कपिल सिब्बल

उत्तर-पश्चिमी दिल्ली(सुरक्षित)

विधानसभा क्षेत्रों की संख्या: 10

विधानसभा क्षेत्र

बादली, नरेला, बवाना, किराड़ी, मुंडका, नांगलोई जाट, सुल्तानपुर माजरा, मंगोलपुरी, रोहिणी व रिठाला

प्रमुख इलाके

बादली औद्योगिक क्षेत्र, लिबासपुर, सिरसपुर अलीपुर, बख्तावरपुर, बकौली, नरेला, बांकनेर प्रेम नगर, नांगलोई, सुल्तानपुरी जलेबी चौक, मंगोलपुरी, रोहिणी के सेक्टर, रिठाला गांव, कंझावला, निजामपुर, लाडपुर, घेवरा, कराला, बेगमपुर आदि।

प्रमुख बाजार

रोहिणी- अवंतिका, नरेला बाजार, मंगोलपुरी कतरन मार्केट, नांगलोई बाजार आदि।

प्रमुख दलों के उम्मीदवार

भाजपा -हंसराज हंस, आप-गुग्गन सिंह , कांग्रेस -राजेश लिलोठिया

प्रमुख मुद्दे

- दिल्ली देहात को कृषि क्षेत्र का दर्जा, गांवों में लालडोरा क्षेत्र का विस्तार व धारा 81 की समाप्ति

- ग्रामीण क्षेत्रों में मेट्रो के विस्तार के साथ सार्वजनिक परिवहन प्रणाली का विकास

- बड़े अस्पताल, उच्च व तकनीकी शिक्षण संस्थान के साथ मूलभूत सुविधाओं का विस्तार

भाजपा प्रत्याशी हंस राज हंस का कहना है कि मुझे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लेकर आए हैं। उन्होंने पांच सालों में देश के विकास के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की शान बढ़ाई है। उनके बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसे कार्यक्रमों के साथ विकास कार्यों की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जा रहा हूं। मैंने रोहिणी में घर भी ले लिया है, मैं जनता के हर सुख-दुख में साथ रहूंगा।

आप प्रत्याशी गुग्ग्न सिंह का कहना है कि कांग्रेस व भाजपा को इस सीट के लिए एक भी स्थानीय कार्यकर्ता नहीं मिला। दोनों ही पार्टियों ने बाहरी प्रत्याशी को मैदान में उतारा है, जबकि मैं स्थानीय हूं। मैं हमेशा यहां के लोगों के बीच रहा हूं। मुङो उनकी समस्याओं के बारे में पता है। दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाकर उच्च शिक्षा, परिवहन, मेट्रो, स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं के विस्तार के साथ बाहरी दिल्ली इलाके को विकास की मुख्य धारा में लाना ही मेरा चुनावी एजेंडा है।

कांग्रेस उम्मीदवार राजेश लिलोठिया का कहना है कि मैं दिल्ली देहात के मुद्दे को हमेशा से ही उठाता रहा हूं। शीला दीक्षित सरकार के 15 साल के कार्यकाल में यहां काफी विकास हुआ, लेकिन अब विकास रुक गया है, क्योंकि केंद्र की मोदी व दिल्ली की केजरीवाल सरकार झूठ की बुनियाद पर टिकी हैं। इसी कारण क्षेत्र के लोग आज भी मेट्रो, परिवहन, स्कूल- कॉलेज- अस्पतालों जैसी सुविधाओं की कमी का दंश झेल रहे हैं।

कुल मतदाता- 23,80,534

पुरुष मतदाता-13,04,696

महिला मतदाता-10,72,977

नए मतदाता- 16,310

2014 लोकसभा चुनाव के नतीजे

भाजपा- उदित राज- 6,29,860

आप- राखी बिड़ला- 5,23,058

कांग्रेस- कृष्णा तीरथ- 1,57,468

उत्तर-पूर्वी दिल्ली

विधानसभा क्षेत्रों की संख्या- 10

विधानसभा क्षेत्र

बुराड़ी, तिमारपुर, सीमापुरी, रोहतास नगर, सीलमपुर, घोंडा, गोकलपुर, मुस्तफाबाद, करावल नगर, बाबरपुर

प्रमुख इलाके

बुराड़ी, संतनगर, तिमारपुर, मुखर्जी नगर, वजीराबाद, सोनिया विहार, यमुना विहार, सीलमपुर, शाहदरा, नंदनगरी, बाबरपुर, जाफराबाद, मुस्तफाबाद, दिलशाद गार्डन, रोहतास नगर

प्रमुख मुद्दे

यातायात जाम, पेयजल की समस्या, गंदगी, अपराध और कॉलेज व स्कूलों की संख्या का कम होना।

प्रमुख बाजार

मुखर्जी नगर, बाबरपुर, सीलमपुर, जाफराबाद, शाहदरा, लोनी रोड टिंबर मार्केट।

प्रमुख दलों के उम्मीदवार

भाजपा-मनोज तिवारी, कांग्रेस-शीला दीक्षित, आम आदमी पार्टी-दिलीप पांडेय

पुरुष मतदाता-12,52,189

महिला मतदाता- 10,37,218

थर्ड जेंडर-86

सर्विस वोटर-999

कुल मतदाता- 22,90,492

2014 लोकसभा चुनाव के नतीजे

भाजपा- मनोज तिवारी- 5,96,125

आप-आनंद कुमार-4,52,041

जय प्रकाश अग्रवाल-2,14,792

भाजपा प्रत्याशी मनोज तिवारी का कहना है कि पिछले पांच वर्षों में मोदी सरकार ने यमुनापार के पिछड़ेपन को दूर करने के लिए जितना कार्य किया है, शायद ही किसी और सरकार ने किया हो। उत्तर पूर्वी दिल्ली को पहला केंद्रीय विद्यालय मिला है और यमुना विहार में जिले का पहला पासपोर्ट कार्यालय बना है। अक्षरधाम से बागपत तक के लिए एलिवेटेड रोड की नींव रखी गई। सिग्नेजर ब्रिज को चालू करवाने के लिए उन्होंने लगातार प्रयास किए और शास्त्री पार्क और सीलमपुर में फ्लाईओवर बनाने के अनशन तक किया तब जाकर प्रदेश सरकार को होश आया। क्षेत्र के पर्यावरण को बेहतर करने के लिए कई पार्कों का सुंदरीकरण करवाया और यमुना नदी में वाटर टैक्सी चलाने की योजना अंतिम चरण में है। उनके संसदीय क्षेत्र में सैकड़ों काम हुए हैं जिससे लाखों लोगों को लाभ मिला है।

आप उम्मीदवार दिलीप पांडेय का कहना है कि उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद ने पिछले पांच वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य व जाम को लेकर कुछ नहीं किया है। ये जिला आज भी पिछड़ा हुआ है। जबकि सबसे ज्यादा आबादी यहीं पर रहती है। जिले में कॉलेज की संख्या बहुत कम है। इस क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है जबकि यहां निगम में भी भाजपा सत्तासीन है। सांसद ने ऐसा कोई कार्य नहीं किया है जिससे कि वह वोट मांग सकें।

कांग्रेस की उम्मीदवार शीला दीक्षित का कहना है कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के लोगों के साथ विश्वासघात किया है और तीव्र गति से बढ़ती विकासशील दिल्ली के रास्ते में अनेक व्यवधान पैदा किए हैं। एक भी स्कूल, कॉलेज व फ्लाईओवर नहीं बनवाया। कांग्रेस सरकार के कामों को लेकर सिर्फ श्रेय लिया है। दिल्लीवासी आम आदमी पार्टी की नौटंकियों से परेशान हैं और विकल्प के तौर पर कांग्रेस की ओर देख रहे है। इसी तरह भाजपा सरकार के झूठे आश्वासनों और कोरे वादों से दिल्ली त्रस्त हो गई है। पिछले पांच सालों में उत्तर पूर्वी दिल्ली में विकास के नाम पर कुछ भी नहीं किया गया है। अब स्वच्छ, हरी-भरी, प्रदूषण मुक्त व गरीबी मुक्त दिल्ली की जरूरत है, जिसके लिए आप व भाजपा ने कुछ नहीं किया, यह कार्य कांग्रेस ही कर सकती है।

नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र

विधानसभा क्षेत्रों की संख्या- 10

विधानसभा क्षेत्र

करोल बाग, पटेल नगर, मोती नगर, दिल्ली कैंट,राजेंद्र नगर, नई दिल्ली, कस्तूरबा नगर, मालवीय नगर, आरके पुरम, ग्रेटर कैलाश

प्रमुख इलाके

लोककल्याण मार्ग, प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति उपराष्ट्रपति समेत केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों के आवास, लोधी गार्डन, मुगल गार्डन, करोलबाग, आरके आश्रम, पहाड़गंज,

प्रमुख बाजार

कनॉट प्लेस, खान मार्केट, मेहरचंद्र मार्केट, गफ्फार मार्केट, टैंक रोड

प्रमुख मुद्दे

-करोल बाग विधानसभा क्षेत्र में सबसे बड़ी समस्या पार्किंग की है। यहां गफ्फार मार्केट, टैंक रोड कपड़ा बाजार मार्केट है। जहां पर पूरी दिल्ली से लोग खरीदारी के लिए आते हैं, लेकिन पर्याप्त संख्या में वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा न होने की वजह से यहां अक्सर जाम लगता है।

-पटेल नगर विधानसभा क्षेत्र के आनंद पर्वत, पहाड़ी धीरज, थानसिंह नगर में पानी की किल्लत अक्सर रहती है।

-करोल बाग इलाके में सड़कों में अतिक्रमण अधिक है। इसकी वजह से जाम की समस्या रहती है।

-करोल बाग इलाके में भी अनधिकृत कॉलोनियां हैं, जिनमें सफाई की समस्या है। साथ ही सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति भी खराब रहती है।

प्रमुख दलों के उम्मीदवार

भाजपा-मीनाक्षी लेखी, कांग्रेस-अजय माकन आप -बृजेश गोयल

आप उम्मीदवार बृजेश गोयल का कहना है कि नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में काफी समस्याएं है। सीलिंग का मुद्दा अहम है। इसको लेकर प्राथमिकता से कार्य होगा। दिल्ली अगर पूर्ण राज्य होगी तो दिल्ली की बहुत सारी समस्याएं स्वत: हल हो जाएंगी। इसके अलावा यहां पर सरकारी कर्मचारियों के साथ युवाओं के लिए रोजगार के लिए कार्य करना है।

कांग्रेस प्रत्याशी अजय माकन का कहना है कि व्यापारियों व सरकारी कर्मचारियों की समस्या यहां प्रमुख मुद्दा। ये लोग पांच वर्षों की भाजपा सरकार में सबसे ज्यादा त्रस्त रहे हैं। व्यापारियों की दुकानें सील की गईं, मायापुरी में उन्हें पीटा गया। भाजपा ने सातवें वेतन आयोग में सरकारी कर्मचारियों से वह सारी सुविधाएं वापस ले लीं, जो छठे वेतन आयोग में कांग्रेस सरकार ने दी थीं।

भाजपा प्रत्याशी मीनाक्षी लेखी का कहना है कि नई दिल्ली सीट पर बहुत मुद्दे हैं जिन पर कार्य करना है। प्रदूषण से निजात दिलाने की जरूरत है और इस मुद्दे पर कार्य करना है। हमने पांच साल में बहुत से कार्य किए हैं, जिन्हें आगे ले जाना है। बड़े दुख की बात है कि दिल्ली जैसे इलाके में भी सीवर और पानी की समस्या है। यह कार्य दिल्ली सरकार के अधीन आता है, जिसके लिए मैं पूरे प्रयास कर रही हूं।

कुल मतदाता-16,17,740

पुरुष मतदाता-8,95,079

महिला मतदाता-7,20 ,891

थर्ड जेंडर-24

2014 लोकसभा चुनाव के नतीजे

भाजपा- मीनाक्षी लेखी- 4,53,350

आप- आशीष खेतान-2,90,642

कांग्रेस- अजय माकन-1,82,893

दक्षिणी दिल्ली

विधानसभा क्षेत्रों की संख्या- 10

विधानसभा क्षेत्र

बिजवासन, पालम, महरौली, छतरपुर, देवली, अंबेडकर नगर, संगम विहार, कालकाजी, तुगलकाबाद, बदरपुर

प्रमुख इलाके

मुनिरका, बेगमपुर, जिया सराय, कटवारिया सराय, बदरपुर, मंडी गांव, हौज खास विलेज, लाडो सराय, बेर सराय, सीआर पार्क, तुगलकाबाद

प्रमुख बाजार

लाजपत नगर, सरोजनी नगर, हौजखास

प्रमुख मुद्दे

-संगम विहार, देवली, मैदानगढ़ी, छतरपुर, आया नगर और गिटौरनी, ओखला, तिगरी, खानपुर, महरौली आदि में पेयजल की बड़ी समस्या है

-अनधिकृत कॉलोनियों को अधिकृत करने के लिए कोई स्पष्ट नीति नहीं है। मास्टर प्लान 2021 के मुताबिक ओजोन क्षेत्र यानी नदी से 300 मीटर की दूरी तक कोई निर्माण नहीं हो सकता है। इस नियम का फायदा उठाकर संबंधित सरकारी एजेंसी नदी सीमा से दो-तीन किलोमीटर पर भी निर्माण नहीं होने देतीं।

-जैतपुर, मीठापुर, बदरपुर, ओमनगर, सौरभ विहार, समेत 40 से अधिक अवैध कॉलोनी के लाखों लोग परेशान हैं। ग्रामीण व अवैध कॉलोनियों में गंदगी से भी बुरा हाल है।

-बदहाल कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा।

कुल मतदाता-14,58,607

पुरुष मतदाता-8,38,839

महिला मतदाता-5,73,035

नए मतदाता-46,630

थर्ड जेंडर-103

2014 लोकसभा चुनाव के नतीजे

भाजपा- रमेश बिधूड़ी- 4,97,980

आप- देवेंद्र कुमार शेरावत-3,90,980

कांग्रेस- रमेश कुमार- 1,25,213

प्रमुख दलों के उम्मीदवार

भाजपा-रमेश बिधूड़ी, कांग्रेस-विजेंदर सिंह (बॉक्सर ), आम आदमी पार्टी -राघव चड्ढा

भाजपा प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी का कहना है कि दक्षिणी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में 90 फीसद ग्रामीण आबादी है। यहां देश के विभिन्न प्रदेशों के लोग रहते हैं। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की समस्या मेरे जैसा स्थानीय ग्रामीण ही समझ सकता है व समाधान करा सकता है। बीते पांच साल में क्षेत्र में जबरदस्त विकास कार्य कराए गए हैं। केंद्र सरकार ने हर तबके के लिए काम किया।

कांग्रेस प्रत्याशी विजेंदर सिंह का कहना है कि रोजगार सबसे बड़ी समस्या है, युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए विशेष रूप से काम किया जाएगा। इसके अलावा खेल प्रेमी बच्चों व युवाओं को बेहतर प्लेटफार्म मुहैया कराया जाएगा। महिला सुरक्षा के मद्देनजर महिलाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए जाएंगे। इसके लिए बॉक्सिंग अकादमी खोलकर महिलाओं, बच्चों व युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

आप उम्मीदवार राघव चड्ढा का कहना है कि भाजपा व कांग्रेस की सरकारों ने दिल्ली को बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा। आप की सरकार बनने के बाद दिल्ली में बुनियादी सुविधाएं बिजली, पानी, सड़क, नाली के लिए काम किया गया और 90 फीसद काम पूरा करा दिया गया है। मेरी प्राथमिकता अवैध कॉलोनी को वैध कराने की होगी। मेट्रो का दायर बढ़ाने और सार्वजनिक परिवहन की व्यवस्था और बेहतर बनाएंगे।

दिल्ली- NCR की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.