केजरीवाल ने कही बड़ी बात, नरेंद्र मोदी से हजार गुना बेहतर पीएम थे मनमोहन सिंह
अरविंद केजरीवाल ने एक साक्षात्कार में कहा कि मनमोहन सिंह एक अच्छे इंसान हैं। वह मोदी से हजार गुना बेहतर थे। वह एक पढ़े-लिखे व्यक्ति हैं प्रसिद्ध अर्थशास्त्री हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में मनमोहन सिंह नरेंद्र मोदी से हजार गुना बेहतर थे। 2011 में संप्रग सरकार के खिलाफ हुए भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के प्रमुख नेता रहे केजरीवाल ने कहा कि यह मनमोहन ¨सह ही थे जिन्होंने 2008 की वैश्विक, आर्थिक मंदी से भारत को बचा लिया था।
अरविंद केजरीवाल ने एक साक्षात्कार में कहा कि मनमोहन सिंह एक अच्छे इंसान हैं। वह मोदी से हजार गुना बेहतर थे। वह एक पढ़े-लिखे व्यक्ति हैं, प्रसिद्ध अर्थशास्त्री हैं। वे अर्थव्यवस्था को समझते हैं। केजरीवाल ने कहा कि वास्तव में 2008 की वैश्विक, आर्थिक मंदी में भारत शायद एकमात्र देश था जो इससे प्रभावित नहीं था, क्योंकि मनमोहन सिंह ने कई कदम उठाए और देश को बचाया।
यह पूछे जाने पर कि कई कांग्रेस नेताओं का मानना है कि भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से संप्रग को राजनीतिक नुकसान हुआ और इससे मोदी के सत्ता में आने का रास्ता प्रशस्त हुआ। इस पर केजरीवाल ने कहा कि अगर लोकपाल की मांग पूरी हो जाती तो आप का जन्म ही नहीं होता।
उन्होंने कहा कि हमारा आंदोलन संप्रग सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ था। हमारा आंदोलन लोकपाल विधेयक के लिए था। कांग्रेस विधेयक क्यों नहीं लाई। अगर वे ऐसा करते, तो हमारा आंदोलन जारी नहीं रहता और कांग्रेस को बहुत बड़ा श्रेय मिलता। अगर वैसी स्थिति होती तो आप का गठन भी नहीं हुआ होता। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रमुख क्षेत्रों में पूरी तरह से नाकाम रहे और इसीलिए वह नकली राष्ट्रवाद का सहारा ले रहे हैं।
दिल्ली-NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप