ज्योतिरादित्य बोले- इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान को सिखाया था सबक, याद दिला दी थी नानी
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गौतमबुद्ध नगर के कांग्रेस प्रत्याशी डॉ अरविंद कुमार सिंह के लिये यहां जनता से समर्थन जुटाने आए थे। इस दौरान उन्होंने योगी व मोदी सरकार पर तीखा प्रहार किया।
नोएडा, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल पाकिस्तान का राग अलाप रहे हैं। आम आदमी के मुद्दों पर बात ही नहीं करना चाहते हैं, जबकि हकीकत यह है कि पाकिस्तान को हमने असली सबक सिखाया था। भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान को नानी याद दिला दी थी। यह बातें नोएडा सेक्टर-51 में आयोजित सद्भावना सम्मेलन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी व कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहीं। वह गौतमबुद्ध नगर के कांग्रेस प्रत्याशी डॉ अरविंद कुमार सिंह के लिये यहां जनता से समर्थन जुटाने आए थे। इस दौरान उन्होंने योगी व मोदी सरकार पर तीखा प्रहार किया।
उन्होंने कहा कि नोएडा प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश में रोजगार का ग्रोथ इंजन था। भाजपा ने कहा था हम नौकरियां लेकर आएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। आज 6.8 फीसद बेरोजगारी की दर है। अच्छे दिनों की बात की थी, दो करोड़ लोगों को रोजगार देने की बात कही थी। कांग्रेस आपके मान सम्मान को कभी झुकने नहीं देगी। यह वही पार्टी है, जिसने नोएडा को स्थापित किया और विकास की नींव रखी, लेकिन गौतमबुद्ध नगर में आज किसान परेशान है। आज पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश का किसान अपना ही पैसा सरकार से लेने के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहा है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक किसान प्रताड़ित हो रहा है। कहीं भी उस पर लाठियां बरसाई जाती हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा लंदन, टोक्यो तो बहुत देखा होगा लेकिन कभी अपने देश के किसानों का हाल भी देख लें। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आएगी तो तीन माह में ही किसानों को चार गुना मुआवजा दिलाएंगे, नौजवानों को सशक्त किया जाएगा, महिलाएं सुरक्षित होंगी।
कांग्रेस प्रत्याशी डाक्टर अरविंद कुमार सिंह ने सद्भावना सम्मेलन में कहा कि विगत पांच दिनों से शहर में अफवाह फैलाई जा रही है कि वह भी विगत प्रत्याशी की तरह ही बैठ जाएंगे, लेकिन वह शायद यह भूल गए कि हम किस बिरादरी से आते हैं। यहां बैठने की नहीं, बल्कि चुनौती स्वीकारने की परंपरा रही है। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं की ओर से ज्योतिरादित्य सिंधिया का स्वागत किया गया। जिसमें मुकेश यादव, राम कुमार तंवर, प्रमोद शर्मा, सतेंद्र शर्मा, शाहबुद्दीन व अन्य लोग उपस्थित रहे।