Lok Sabha Election 2019: AAP के मंत्री बोले- चुनाव बाद खत्म हो जाएगी मोदी-शाह की तानाशाही
आम आदमी पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान राय ने कहा कि दिल्ली की सभी लोकसभा सीटों पर प्रचार सामग्री से परिपूर्ण ई-रिक्शा प्रचार रथ से आंदोलन शुरू कर दिया गया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने रविवार को हुई लोकसभा चुनाव की तारीखों के एलान का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि देश में मोदी और अमित शाह की तानाशाही को हटाने का एकमात्र उपाय चुनाव ही रह गया था।
पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान राय ने कहा कि दिल्ली की सभी लोकसभा सीटों पर प्रचार सामग्री से परिपूर्ण ई-रिक्शा प्रचार रथ के माध्यम से आंदोलन शुरू कर दिया गया है। सातों लोकसभा क्षेत्रों में 20 20 प्रचार रथ बनाए गए हैं। यह प्रचार रथ प्रोजेक्टर, ऑडियो क्लिप और वीडियो मैसेज के माध्यम से दिल्ली के कोने- कोने में जाकर लोगों को पूर्ण राज्य की जरूरत क्यों है, यह बताने का काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में एक हजार टीमों का भी गठन किया है। ये टीमें घर-घर जाकर लोगों को भाजपा और कांग्रेस के दोहरे चरित्र के बारे में बताएंगी कि किस तरह दोनों ने दिल्ली वालों के साथ सौतेला व्यवहार किया है। अभियान के तहत दिल्ली को 560 जोन में विभाजित किया है। सभी जोन में पदयात्रएं निकलेंगी और पार्टी द्वारा पूर्ण राज्य को लेकर बनाए हुए गाने एवं मुख्यमंत्री के दिल्ली की जनता के नाम लिखे गए पत्र के माध्यम से प्रचार प्रसार का काम किया जाएगा।
गोपाल राय ने कहा कि ये कार्यक्रम हमारे चुनाव प्रचार के प्रथम चरण के लिए हैं। द्वितीय चरण में पूरी दिल्ली में स्टार प्रचारकों की जनसभा आयोजित होगी। विधायकों द्वारा सभी मतदान केंद्रों पर नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया जाएगा। पार्टी ने चुनाव प्रचार हेतु त्रिस्तरीय अभियान की योजना बनाई है। इसके अलावा पूरी दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अर¨वद केजरीवाल की जनसभाएं भी अलग-अलग क्षेत्रों में कराई जाएंगी।