Lok Sabha Election 2019: कांग्रेस से AAP के गठबंधन पर केजरीवाल का बड़ा बयान
अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि आप का कांग्रेस से गठबंधन नहीं होगा। हमारी उनसे कोई बात नहीं चल रही है।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। आप से राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने मंगलवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री और एनसीपी के कद्दावर नेता शरद पवार से मुलाकात की। ऐसा माना जा रहा था कि यह मुलाकात कांग्रेस से गठबंधन के लेकर थी, लेकिन देर शाम मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ट्वीट कर साफ कर दिया कि कांग्रेस से गठबंधन नहीं होगा। हमारी उनसे कोई बात नहीं चल रही है। जो भी खबरें मीडिया में आ रही हैं वो कांग्रेस की ओर से कराई जा रही हैं।
लक्ष्मी नगर विधानसभा क्षेत्र के रमेश पार्क में आयोजित रैली में केजरीवाल ने भाजपा पर भी निशाना साधा। जनसभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने उपराज्यपाल और केंद्र सरकार पर विकास कार्यो में रोड़े अटकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली पूर्ण राज्य होती तो विकास कार्य चरम पर होता। उपराज्यपाल ने मोहल्ला क्लिनिक, सीसीटीवी कैमरे, स्कूलों और अस्पतालों के विकास कार्यो की फाइलें रोकी थी। हमने भी हार नहीं मानी और उनके दफ्तर के बाहर 10 दिन धरना देकर सारी फाइलें पास करवाकर ले आए।
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की जनता चुनाव में हमारा साथ दे तो राजधानी की सातों लोकसभा सीटों पर आप के सांसद होंगे और दिल्ली में विकास की रफ्तार तेज होगी। दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा मिलने पर पुलिस व्यवस्था ठीक हो जाएगी। महिलाएं देर रात तक सुरक्षित रहेंगी। 10 सालों में दिल्ली के हर परिवार को घर मिलेगा।
पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट की प्रत्याशी आतिशी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने बिजली के रेट कम नहीं किए। आम आदमी पार्टी ने बिजली के रेट कम कर दिए, पानी मुफ्त कर दिया, सरकारी स्कूल की हालत ठीक कर दी। इसके साथ ही प्राइवेट स्कूलों की फीस भी कम करवाई। जनता के स्वास्थ्य के लिए हर कॉलोनी में मोहल्ला क्लिनिक बनवाए। दिल्ली सरकार के 35 सरकारी अस्पतालों में दवाएं मुफ्त करवाई। चार साल में जो काम आम आदमी पार्टी सरकार ने किए, वो पूर्व में किसी अन्य सरकार ने नहीं किए।
70 वर्षो में देश के अधिकतर राज्यों को पूर्ण राज्य का दर्जा मिल गया, लेकिन दिल्ली को अब तक यह दर्जा नहीं मिल पाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्वी लोकसभा प्रत्याशी आतिशी, विधायक एसके बग्गा, विधायक मनोज कुमार उपस्थित रहे। जनसभा का आयोजन विधायक नितिन त्यागी के नेतृत्व में किया गया। लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद आप की यह पहली सभा थी।