Move to Jagran APP

Lok Sabha Election 2019 : स्टार प्रचारकों की आमद से चटख हुआ चुनावी रंग, सिद्धू ने गीता के लिए मांगे वोट

Lok Sabha Election 2019. सिंहभूम लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गीता कोड़ा के लिए स्टार प्रचारक नवजोत सिंह सिद्धू ने मंगलवार को वोट मांगे।

By Rakesh RanjanEdited By: Published: Tue, 30 Apr 2019 02:31 PM (IST)Updated: Tue, 30 Apr 2019 06:39 PM (IST)
Lok  Sabha Election 2019 : स्टार प्रचारकों की आमद से चटख हुआ चुनावी रंग, सिद्धू ने गीता के लिए मांगे वोट
Lok Sabha Election 2019 : स्टार प्रचारकों की आमद से चटख हुआ चुनावी रंग, सिद्धू ने गीता के लिए मांगे वोट

जमशेदपुर,जेएनएन। Lok  Sabha Election 2019 कोल्हान में चुनावी रंग स्टार प्रचारकों की आमद से चटख होने लगा है। इस मामले में बाजी मारी है कांग्रेस ने। सिंहभूम लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गीता कोड़ा के लिए स्टार प्रचारक नवजोत सिंह सिद्धू ने मंगलवार को वोट मांगे। उन्होंने आदित्यपुर में चुनावी सभा को संबोधित किया। कांग्रेस की सभा में प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार भी मौजूद रहे।  

loksabha election banner

मोदी जी कहां गए 2014 के 365 संकल्प : सिद्धू

ठोको ताली... खटाक। कांग्रेस के स्टार प्रचारक, पंजाब सरकार में मंत्री और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने गीता कोड़ा के पक्ष में माहौल बनाने का हर संभव प्रयास किया। मंच भले ही चुनावी था, लेकिन सिद्धू का अंदाज वही 'द कपिल शर्मा शो' वाला था। हर वाक्य के बाद चुटकुला, लतीफा और तुकबंदी। मंच पर आते ही सिद्धू ने छक्का मारने का इशारा करके गर्मी से बेहाल लोगों को उत्साहित कर दिया। अपने लगभग 25 मिनट के भाषण में मैदान में जमा लगभग ढाई हजार की भीड़ को सीधे-सीधे अपने से जोड़े रखा। चिलचिलाती धूप और बेचैन कर देने वाली गर्मी के बावजूद उनके चिर परिचित अंदाज के मुरीद लोग मैदान में जमे रहे। सिद्धू का पूरा भाषण प्रधानमंत्री मोदी पर ही केंद्रित रहा। उन्होंने मोदी पर जमकर निशाना साधा और गीता कोड़ा को जिताने की अपील के साथ ही फिर इसी मैदान में आकर धन्यवाद देने का वचन भी दे दिया। 

सबसे बड़ा राष्ट्रधर्म

उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा राष्ट्रधर्म है। इसी राष्ट्रधर्म ने भगत सिंह और राजगुरु दिया। अतीत खुद जवाब है। चिरागों की तरह खुद को जलाना पड़ता है, यू ही मु_ियां बांध लेने से इन्कलाब नहीं आता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि मोदी से सच बोलवाना उतना ही असंभव है जितना मच्छर को कपड़े पहनाना। मोदी फेंकू नंबर वन हैं। जहीर खान 100-150 की स्पीड से बॉल फेंकता है। मोदी तो उससे भी तेज फेंकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में 365 संकल्प किए। क्या एक भी संकल्प पूरा हुआ? दो करोड़ नौकरियां मिलीं? मिला क्या, बाबाजी का ठुल्लू। बात करोड़ों की, दुकान पकौड़ों की और संगत भगोड़ों की, यही मोदी का असली चेहरा है। आज में चौकीदार को निपटाने आया हूं। आज चौकीदार का कुत्ता भी चोरों से मिल गया है। जब नीरव और माल्या भागे तब ड्यूटी पर कौन चौकीदार था?

अंबानी को घूस खिलाई कि नहीं

नवजोत सिंह सिद्धू मंगलवार को आदित्यपुर के एस टाइप मैदान में सिंहभूम संसदीय क्षेत्र से महागठबंधन और कांग्रेस की प्रत्याशी गीता कोड़ा के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा मोदी के नाम पर वोट मांग रही है। मोदी फौज के नाम वोट मांग रहे हैं और फौजी बनारस में मोदी के खिलाफ वोट मांग रहा है। मोदी ने नारा दिया था कि न खाउंगा न खाने दूंगा। उन्होंने अंबानी को 30 हजार करोड़ की घूस खिलाई कि नहीं खिलाई? आज मोदी किसी भी मंच पर मुझसे खुली बहस कर लें, यदि मैं हार गया तो पगड़ी उतार कर राजनीति से संन्यास ले लूंगा। 2014 में मोदी ने कहा था कि मैं मां गंगा का लाल बनकर आया हूं। 2019 में राफेल का दलाल बनकर जाएंगे। आखिर अडानी के साथ उनका क्या टांका भिड़ा है? जब उन्होंने गरीब किसानों को कर्ज दिया तो ब्लैंक चेक लिया। देश का हजारों करोड़ लेकर भागने वाले भगोड़ों ने ब्लैंक चेक क्यों नहीं लिया? मोदी ने सब सरकारी उपक्रमों का भ_ा बैठा दिया है। ये सिर्फ अंबानी और अडानी के चौकीदार हैं। 

अंबानी को जियो दिया

सिद्धू ने कहा कि मोदी ने बीएसएनएल को 4जीं का कांट्रेक्ट नहीं दिया। अंबानी के जियो को दिया। ताकि सरकारी खजाना ऐसे ही पूंजीपतियों की जेब में जाए। मोदी मंदिर-मस्जिद की राजनीति करके देश को बांट रहे हैं। प्रजा बेरोजगार है, रोजगार की बात होनी चाहिए। न मंदिर मिला न राम मिल रहे हैं, हर गली में मोबाइल चलाते बेरोजगार मिल रहे हैं। सिद्धू ने कहा कि मोदी से बड़ा झूठा प्रधानमंत्री नहीं देखा। राहुल गांधी ने तीन राज्य जीतते ही दो घंटे के अंदर 50 लाख किसानों के कर्ज माफ कर दिए। इधर, सरकारी बैंकों के 17 लाख करोड़ रुपये अंबानी-अडानी ने लूट लिए। पहले देश में आतंकी हमले होते थे तो मंत्रियों के इस्तीफे मांगे जाते थे। आज अब वोट मांगे जा रहे हैं। आज मोदी ने सीबीआइ, रॉ, सुप्रीम कोट और फौज को भी चौराहे पर ला खड़ा किया है। अंधों के शहर में आईनों के खरीदार हैं, शहर के सब चोर कह रहे हम भी चौकीदार हैं। मोदी ने हिंदुस्तान की आम अवाम का हक मारने के लिए डीजल पर 400 और पेट्रोल पर 300 प्रतिशत टैक्स लगा दिया। अंबानी को 1200 एकड़ जमीन दी सिमेंट प्लांट लगाने के लिए। प्लांट तो नहीं लगा, अंबानी से जमीन 4800 करोड़ रुपये में बेच दी। मोदी ने पांच साल में छह लाख 25 हजार करोड़ रुपये का कर्ज देश पर चढ़ा दिया। आज कांग्रेस देश के पांच करोड़ परिवारों को हर साल 72 हजार करोड़ रुपये देने जा रही है। 

कांग्रेस देश को स्वाधीन कराने वाली पार्टी मोदी

ऐसे भाषण देते हैं जैसे 2014 से पहले भारत था ही नहीं, इन्होंने खोद कर निकाला। जब मोदी चड्ढ़ी पहनते थे तब चाचा नेहरू ने अंतरिक्ष में यान भेज दिया था। कांग्रेस देश को स्वाधीन कराने वाली पार्टी है। भाजपा ने देश को तीन मोदी दिए। नीरव मोदी, ललित मोदी और नरेंद्र मोदी। अब नरेंद्र मोदी अंबानी की गोद में बैठ गए हैं। मोदी जनता के सवालों के जवाब नहीं देते, केवल मन की बात करते हैं। आज हालत ये हो गई है कि हवाई जहाज में चलने वाले लोग हवाई चप्पल में चल रहे हैं। उन्होंने मैदान में जनता से अपील की कि मेरी बहन गीता कोड़ा को अपना बना लो। मैं वचन देता हूं कि इसी मैदान में आकर आपका धन्यवाद करुंगा।

खरसावां में हेमामलिनी की सभा एक को

खूंटी से भाजपा प्रत्याशी अर्जुन मुंडा के पक्ष में एक मई को खरसावां में अभिनेत्री हेमामलिनी चुनावी सभा करेंगी। जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव और पूर्व विधायक मंगल सोय ने बताया कि एक मई को दोपहर एक बजे खरसावां के वन विभाग कार्यालय के सामने मैदान में यह सभा होगी। हेमामलिनी की खरसावां में यह दूसरी सभा होगी। इससे पूर्व वर्ष 2009 में भी वह कडिय़ा मुंडा के पक्ष चुनावी सभा करने आई थीं।

चाईबासा में पीएम की सभा पांच को

पांच मई को चाईबासा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी चुनावी सभा प्रस्तावित है। वे टाटा कॉलेज मैदान में भाजपा की चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री की सभा को लेकर मुख्‍यमंत्री रघुवर दास चाईबासा का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा था कि सभा को ऐतिहासिक बनाना है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.