Lok Sabha Election 2019: लालगढ़ में ईवीएम पर खूब खनकी चूड़ियां
डुमरी विधानसभा में जहां पुरुषों का मतदान प्रतिशत लगभग 67 प्रतिशत है तो महिलाओं का प्रतिशत 78 प्रतिशत है जो कि कुल मतदान में भी अधिक है।
बोकारो, बीके पाण्डेय। महिलाएं देश, समाज के प्रति ज्यादा चिंंता रखती हैं और देश के मुद्दे को लेकर गंभीरता से काम करती है। यह बात लोकसभा चुनाव में एक बार महिलाओं ने सिद्ध करके दिखा दिया है।
गिरिडीह लोकसभा में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं ने अधिक मतदान किया है। खास कर उग्रवाद प्रभावित डुमरी, गोमिया व टुंडी विधानसभा में महिलाओं ने जमकर मतदान किया है। डुमरी विधानसभा में महिलाओं ने यह बता दिया है कि पुरूष उनके सामने कहीं भी नहीं है। वे पुरुषों से अधिक हैं। डुमरी विधानसभा में जहां पुरुषों का मतदान प्रतिशत लगभग 67 प्रतिशत है तो महिलाओं का प्रतिशत 78 प्रतिशत है, जो कि कुल मतदान में भी अधिक है। यहां पुरूष घर में बैठे रहे और महिलाएं मतदान केंद्र पर लाइन लगाकर अपने मन के प्रत्याशी को मतदान कर लोकतंत्र को विजय बनाने का काम किया। इसी प्रकार टुंडी में पुरुषों की अपेक्षा 2.5 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया। लगभग 71 प्रतिशत महिला वोटरों ने वोट डाला। वहीं उग्रवाद प्रभावित गोमिया में भी पुरुषों से 5 प्रतिशत अधिक महिलाओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। महिलाओं का मतदान प्रतिशत लगभग 72 प्रतिशत है। यह आंकड़े प्रशासन व लोकतंत्र व नारी सशक्तिकरण के पैरोकारी करनेवालों को उत्साहित करनेवाला है।
टेंशन में प्रत्याशी महिलाओं के वोट का नहीं मिल रहा हिसाब : हालांकि वोट प्रतिशत में बढ़े हुए यह आंकड़े मुख्य प्रत्याशियों को परेशान किए हुए हैं। चूंकि न तो महिलाओं से सही फीडबैक मिल सका है और न ही उनसे पूछा जा सकेगा। प्रशासन का तर्क है कि महिलाओं को उत्साहित करने के लिए प्रशासन की ओर सखी बूथ और आदर्श बूथ का निर्माण किया गया था। कोई इसे सरकार की योजना से जोड़कर देख रहा है तो कोई इसे अपने पक्ष में मान रहा है। असली तस्वीर 23 मई को मतगणना के बाद सामने आएगी।
कहां कितने पड़े वोट
विधानसभा --कुल मतदान
- गिरिडीह : 170142
- डुमरी : 174000
- गोमिया : 178000
- बेरमो : 200000
- टुंडी : 180289
- बाघमारा : 183000
कहां कितने प्रतिशत महिलाओं ने डाला वोट
- गिरिडीह : 65 प्रतिशत
- डुमरी : 78 प्रतिशत
- गोमिया : 72 प्रतिशत
- बेरमो : 63 प्रतिशत
- टुंडी : 71 प्रतिशत
- बाघमारा : 61 प्रतिशत
प्रशासन का लक्ष्य था कि अधिक से अधिक मतदान हो। लोग निर्भिक होकर मतदान करें। आमजनों के सहयोग से इसमें काफी सफलता मिली है। खासकर महिलाओं का वोङ्क्षटग प्रतिशत में बढ़ोतरी मजबूत लोकतांत्रिक प्रकिया व वोट महापर्व के लिए सुखद है। मतदान करनेवाले सभी मतदाताओं के प्रति जिला प्रशासन आभार प्रकट करता है।
-कृपानंद झा, उपायुक्त सह निर्वाची पदाधिकारी, बोकारो
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप