Lok Sabha Elections 2019: गांधीनगर लोकसभा सीट से अमित शाह के खिलाफ विधायक चावड़ा कांग्रेस के प्रत्याशी
Amit Shah. कांग्रेस ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ गांधीनगर लोकसभा सीट से अपने विधायक सीजे चावड़ा को मैदान में उतारा है।
अहमदाबाद, प्रेट्र। कांग्रेस ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ गांधीनगर लोकसभा सीट से अपने विधायक सीजे चावड़ा को मैदान में उतारा है। पार्टी ने बुधवार को कुल 11 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। इसमें से छह गुजरात की और चार पश्चिम बंगाल की हैं।
मंगलवार देर रात कांग्रेस ने गुजरात के चार और प्रत्याशी घोषित किए, जिनमें चावड़ा समेत पांच अन्य के नाम हैं। इनमें बनासकांठा से पर्तीभाई भटोल, सबरकांठा से राजेंद्र ठाकोर और अमरेली से परेश धनानी शामिल हैं। पार्टी ने भावनगर से मनहर पटेल, खेड़ा से बिमल शाह और सूरत से अशोक अधेवड़ा को खड़ा किया है। इन्हें मिलाकर राज्य की 26 में से 18 सीटों पर पार्टी के प्रत्याशी तय हो चुके हैं।
राज्य में एक चरण में मतदान 23 अप्रैल को होगा और नामांकन की अंतिम तिथि चार अप्रैल है। चावड़ा गांधीनगर उत्तर सीट से दो बार के विधायक हैं। कांग्रेस ने पाटीदार अनामत आंदोलन की संयोजक व कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल की वफादार गीता पटेल को अहमदाबाद पूर्व सीट से टिकट दिया है। भाजपा ने अब तक 25 प्रत्याशी तय कर दिए हैं। सिर्फ अहमदाबाद पूर्व सीट का प्रत्याशी बचा है। 2014 के चुनाव में भाजपा ने राज्य की सारी 26 सीटें जीती थीं।