Lok Sabha Election 2019 : जयंत सिन्हा बोले, कांग्रेस जो 60 साल में नहीं कर पाई हमने 60 महीने में किया
Lok Sabha Election Election 2019. नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री जयंत सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने जो 60 साल में नहीं किया भाजपा की सरकार ने वह 60 महीने में ही कर दिखाया।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री जयंत सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने जो 60 साल में नहीं किया, भाजपा की सरकार ने वह 60 महीने में ही कर दिखाया। उन्होंने उदाहरण दिया कि द्वितीय विश्वयुद्ध के समय जिस धालभूमगढ़ एयरपोर्ट पर बड़ी-बड़ी प्लेन उतरती थी, उसको कांग्रेस और गठबंधन की सरकारें फिर नहीं बनवा पाईं। यह जमशेदपुर के लोगों की वर्षों पुरानी मांग थी। जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो भूत-पिशाच की तरह मेरे पीछे पड़े और अब जब यह एयरपोर्ट बन कर तैयार हो जाएगा तो जमशेदपुर के लोग सिंगापुर तक सीधे उड़ान भरेंगे।
जयंत सिन्हा रविवार को बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन सभागार में महानगर भाजपा के तत्वावधान में विजय संकल्प सभा को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर 1955 को पंडित नेहरू ने दामोदर वैली कॉरपोरेशन के लिए कोनार डैम का शिलान्यास किया था। इसको मल्टीपरपस बनाया जाना था। यह काम कांग्रेस 64 साल में नहीं कर पाई। भाजपा की सरकार ने 60 महीने में ही कर दिया और इस डैम से अब हजारीबाग तक पीने का पानी पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे साहसिक और ऊर्जावान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब जोर लगाते हैं तो पत्थर से अमृत निकलने लगता है। आयुष्मान भारत योजना इसका उदाहरण है। आज झारखंड का व्यक्ति देश के किसी भी बड़े अस्पताल में अपना राशन कार्ड दिखाकर पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज करा सकता है। यह डबल इंजन की सरकार का करिश्मा है।
पिछली सरकारों के लिए सत्ता मेवा का साधन
उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के लिए सत्ता मेवा का साधन थी। हम सेवा के लिए सरकार में आए हैं। वे जनता से लेने के लिए सत्ता में आते हैं और हम जनता को देने के लिए सत्ता में आए हैं। आज ये महागठबंधन की महामिलावट मोदी के डर से हो रही है। क्योंकि इनकी दुकानें बंद हो गईं हैं। इसी से हताश होकर विपक्षी महाखिचड़ी पका रहे हैं, लेकिन ये खिचड़ी गलेगी नहीं। वे विनाश की राजनीति कर रहे हैं और हम विकास की। हमारे कार्यों के कारण अब यह विश्वास की राजनीति में तब्दील हो गई है।
कार्यकर्ताओं से भरवाई विद्युत को जिताने की हामी
भाषण के पहले ही जयंत सिन्हा ने नारे लगवा कर कार्यकर्ताओं से विद्युत वरण महतो को दो लाख वोटों के अंतर से जिताने की हामी भरवाई। नारा लगवाया हमारा सांसद कैसा हो, विद्युत महतो जैसा हो।