Move to Jagran APP

लोकसभा चुनाव 2019: बेनतीजा रही महागठबंधन की बैठक, फिर होगा मंथन

सीटों पर समझौता के लिए दिल्‍ली में हुई महागठबंधन की बैठक में कांग्रेस का पेंच फंस गया। अब आज फिर बैठक होगी। माना जा रहा है कि कांग्रेस 11 सीटों पर मान जाएगी।

By Amit AlokEdited By: Published: Wed, 13 Mar 2019 10:38 PM (IST)Updated: Wed, 13 Mar 2019 11:42 PM (IST)
लोकसभा चुनाव 2019: बेनतीजा रही महागठबंधन की बैठक, फिर होगा मंथन
लोकसभा चुनाव 2019: बेनतीजा रही महागठबंधन की बैठक, फिर होगा मंथन

पटना [एसए शाद]। कांग्रेस महासचिव केसी वेनूगोपाल के दिल्‍ली आवास पर बुधवार की शाम हुई महागठबंधन की बैठक बेनतीजा रही। राष्‍ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस के बीच फंसा पेंच सुलझ नहीं पाया। हालांकि, अन्य घटक दलों के हिस्से की सीटों को लेकर लगभग सहमति बन चुकी है। बैठक में भाकपा (माले) को साथ लेने पर भले ही विमर्श हुआ, लेकिन भारतीय कम्‍युनिष्‍ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्‍सवादी कम्‍युनिष्‍ट पार्टी (माकपा) के संबंध में कोई चर्चा नहीं हुई। बैठक में वाम दलों का कोई प्रतिनिधि मौजूद नहीं था। अब दूसरे राउंड की बैठक गुरुवार को होगी।

loksabha election banner

11 सीटों पर राजी हो सकती कांग्रेस

सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस को दो अंकों में सीटें देने का ऑफर हुआ है, मगर जो संख्या बताई गई है उसपर पार्टी राजी नहीं है। हां, कांग्रेस ने अपनी आकांक्षा 14 से घटाकर 12 कर दी है। पिछले लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस के हिस्से में 12 सीटें ही आई थीं। जबकि, इस बार उसे 10 सीटों का ऑफर मिला है। संभावना जताई जा रही है कि गुरुवार की बैठक में 11 सीटों पर समझौता हो सकता है।

दरअसल, महागठबंधन में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को भी शामिल करने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। बसपा के लिए फिलहाल एक सीट की बात कही जा रही है। अगर बात नहीं बनी तो उसके खाते में दो सीटें भी जा सकतीं हैं।

रालोसपा को मिल सकतीं मांगी गईं सीटें

जहां तक वाम दलों के लिए सीट निकालने की बात है, भाकपा की ओर से जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया के लिए बेगूसराय पर दावेदारी पर भी कोई विचार इस बैठक में नहीं किया गया। राष्‍ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के संबंध में सूत्रों ने बताया कि उसकी इच्छानुसार उसे सीटें मिल सकती हैं।

महागठबंधन में सीटों की घोषणा 17 को

सूत्रों ने बताया कि सीटों की संख्या गुरुवार को तय हो जाएगी, लेकिन इसकी घोषणा 17 मार्च को की जाएगी। पहले 15 मार्च को इसका एलान करने का कार्यक्रम था, मगर इस बात का इंतजार होगा कि राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के हिस्से में कौन-कौन सी सीटें जातीं हैं। एनडीए में सीटों की संख्या हालांकि बहुत पहले ही तय हो चुकी है।

बैठक में इन्‍होंने की शिरकत

चार दिनों पूर्व शरद यादव की लालू प्रसाद से बातचीत हुई थी। उस बातचीत को आगे बढ़ाते हुए ही बुधवार की बैठक हुई। महागठबंधन की इस बैठक में कांग्रेस की ओर से बिहार प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा, विधानमंडल दल के नेता सदानंद सिंह, अभियान समिति के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह व बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल शामिल थे। अन्‍य दलों की बात करें तो राजद से तेजस्वी प्रसाद यादव, हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) से जीतन राम मांझी व उनके पुत्र संतोष मांझी, रालोसपा से उपेंद्र कुशवाहा व राजेश यादव, विकासशील इंसान पार्टी से मुकेश सहनी और लोकतांत्रिक जनता दल से अर्जुन राय भी मौजूद थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.